बिहार पहुंचीं वृंदा करात, कहा- वोट की खातिर जहर उगल रहे नरेंद्र मोदी और अमित शाह
माकपा पोलित ब्यूरो की सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद वृंदा करात ने कहा कि तीसरे चरण के चुनाव के बाद यह साफ हो चुका है कि भाजपा और आरएसएस की जमीन खिसक चुकी है।
पटना राज्य ब्यूरो। माकपा पोलित ब्यूरो की सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद वृंदा करात ने कहा कि तीसरे चरण के चुनाव के बाद यह साफ हो चुका है कि भाजपा और आरएसएस की जमीन खिसक चुकी है। इसलिए नरेंद्र मोदी और अमित शाह वोट की खातिर विपक्ष पर जहर उगल रहे हैं, लेकिन इससे उन्हें कोई फायदा नहीं होगा। केंद्र से एनडीए की सरकार का सफाया तय है। वृंदा करात शुक्रवार को पटना के पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रही थीं। इस अवसर पर पार्टी राज्य सचिव मंडल की सदस्य रामपरी के अलावा पटना के जिला सचिव मनोज कुमार चन्द्रवंशी मौजूद थे।
एक सवाल के जवाब में वृंदा करात ने कहा कि बंगाल में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहा है। इसमें तृणमूल कांग्रेस और भाजपा की साजिश है। फिर भी वहां वाम का शानदार प्रदर्शन होगा। चुनाव के बाद केंद्र में वैकल्पिक धर्मनिरपेक्ष सरकार का गठन होगा। इसके लिए वामपंथ का प्रतिनिधित्व संसद में होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि लोकसभा में बिहार का भी प्रतिनिधित्व होगा। संसद में जनता के मुद्दे को उठाने के लिए वाम ताकतों का मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में मुद्दों पर बात करने वालों को राष्ट्रविरोधी कहा जा रहा है।
गिरिराज पर कार्रवाई की हिम्मत दिखाएं नीतीश
वृंदा करात ने नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार देखकर दोनों बौखलाए हुए हैं। जब भी मुंह खोलते हैं तो जहर उगलते हैं। उनके पास उनके टूटे हुए वादे का कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि बुधवार को बेगूसराय की एक सभा में भाजपा के उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने कहा कि अगर कब्र के लिए तीन हाथ जमीन चाहिए तो मुस्लिमों को 'वंदे मातरम' कहना होगा। यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में हिम्मत है तो उन्हें गिरिराज सिंह को जेल भेजना चाहिए। चुनाव आयोग को भी कार्रवाई करनी चाहिए। गिरिराज सिंह की यही सोच और मानसिकता है, जो इतना गंदा बयान देते हैं। जनता साफ समझ रही है कि नीतीश वो भी इसमें मिले हुए हैं।