प्यार ने तोड़ा जाति-धर्म और समाज का बंधन, ससुराल छोड़ प्रेमी के पास भागी दुल्हन
जहानाबाद में अजब प्यार की गजब कहानी सामने आई है। जाति धर्म और समाज की मर्यादा को तोड़कर शबाना ससुराल से प्रेमी रणधीर के लिए भाग आई और पुलिस से कहा कि हम साथ जाना चाहते हैं।
पटना [जेेएनएन]। ये है अजब प्यार की गजब कहानी... जाति, धर्म और समाज के बनाए नियमों को दरकिनार करते हुए एक शादीशुदा प्रेमिका अपने प्रेमी के लिए सबकुछ छोड़कर आ गयी और उसके साथ ही रहने लगी। जब लोगों को पता चला तो दोनों ने गुहार लगायी हम साथ रहना चाहते हैं हमें जीने दीजिए।
घटना जहानाबाद जिले के मेहंदिया थाने के निरंजनपुर गांव की है जहां मोहम्मद शमीम अहमद ने अपनी पुत्री शबाना आजमी की शादी 2012 में कोलकाता के बाटगंज निवासी सलीम अहमद के पुत्र शमीम अहमद के साथ धूमधाम से की थी। लेकिन, इन दोनों परिवारों को यह पता नहीं था कि शबाना अपने ही गांव के दूसरे धर्म के युवक रणधीर कुमार से प्यार करती थी।
शादी होने के बाद अपने परिवार और लोकलाज के मारे शबाना ने किसी को यह बात नहीं बतायी और रोती हुई ससुराल चली गई। ससुराल जाने के बाद भी शबाना के दिल में रणधीर ही बसा था इसीलिए वह अपने शमीम को भी नहीं अपना सकी। उसके साथ संबंध भी नहीं बना सकी।
वर्ष 2012 से जुलाई, 2018 तक शबाना महज छह महीने ही अपनी ससुराल में रही। शादी के बाद भी अधिकतर वह अपने मायके में ही रहने लगी जहां उसका प्यार था। उसे फिर ससुराल जाना पड़ा। जब उसे रणधीर की बहुत याद आई तो उसने किसी को कुछ बताया नहीं और ससुराल से निकल भागी।
ससुराल वालों ने बाटगंज थाना कांड संख्या 148 दिनांक 10 /07/ 2018 में एक गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। इसके बाद कोलकाता की पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल शुरू की तो इसी क्रम में लोगों की बात से रणधीर कुमार पर संदेह हुआ। कोलकाता पुलिस मेहंदिया थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से रणधीर कुमार को थाने में लाकर पूछताछ की।
रणधीर से बातचीत के बाद दोनों की प्रेम कहानी पता चली। रणधीर ने शबाना के साथ प्रेम संबंध की बात को स्वीकार कर लिया और यह भी बताया कि वह पटना में है। रणधीर के बुलाने पर शबनम थाने तक आयी और कोलकाता पुलिस के सामने बयान दिया कि मैं रणधीर से प्यार करती हूं और उसके साथ ही रहना चाहती हूं।
उसने बताया कि वह स्वेच्छा से ससुराल से भागी थी और अब रणधीर कुमार के साथ शादी कर घर बसाना चाहती हूं। वहीं, रणधीर ने भी युवती से शादी करने की बात कही। उसने यह भी कहा कि शबाना के साथ मेरा बरसों पुराना संबंध है और शादी सिर्फ खानापूर्ति है। हम एक-दूसरे के लिए बने हैं।
दोनों ने कहा कि हम धर्म-जाति, समाज के बनाए नियम नहीं जानते, हमने एक दूसरे को पति-पत्नी स्वीकार कर लिया है और नहीं जानते बस साथ जीना चाहते हैं। स्थानीय मुखिया आनंद सिन्हा ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से लड़की को पटना भेज दिया है।