दूल्हे की हरकत देख गुस्साई दुल्हन, शादी से किया इनकार; बाेली- चल फूट यहां से
बिहार में शराबबंदी लागू है। इसके बाद भी लोगों की लत नहीं छूट रही है। इसी लत ने दूल्हे को मंडप से बैंरग लौटने के लिए विवश कर दिया। पढ़ें पूरा मामला इस खबर में।
सारण, जेएनएन। बिहार में शराबबंदी लागू है। इसके बाद भी लोगों की लत नहीं छूट रही है। इसी लत ने दूल्हे को मंडप से बैंरग लौटने के लिए विवश कर दिया। लड़की ने शराबी दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया। मामला डुमरी छपिया गांव का है।
शनिवार की सुबह लौटी बारात
मंडप पर शराब के नशे में दूल्हे के लड़खड़ाते कदम देख लड़की गुस्से में आ गई और शादी करने से इनकार कर दिया। मामला काफी बढ़ गया। लड़के वाले की ओर से काफी मान मनौव्वल किया गया, लेकिन लड़की नहीं मानी। अंत में शनिवार की सुबह बारात दुल्हन को लिये बिना ही बैरंग लौट गई।
डुमरी छपिया गांव में गई थी बारात
छपरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मगाईडीह गांव से शिवपूजन साह के पुत्र बबलू कुमार की शादी के लिए तरैया थाना क्षेत्र के डुमरी छपिया गांव में बारात गई थी। त्रिभुवन साह की पुत्री के साथ शादी होनी थी। जयमाल के समय दूल्हे की हरकत लोगों को रास नहीं आई। नशे में दूल्हे ने माला तोड़ दी और दुल्हन तथा उसकी सहेलियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
मुंह से शराब की आ रही थी बदबू
आधी रात जब दूल्हा मंडप में पहुंचा तो उस समय उनके कदम लडख़ड़ा रहे थे। मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। कन्या को मंडप में लाया गया। दूल्हे की हरकत को देख लड़की भड़क गई और शादी से इन्कार कर मंडप से उठकर चली गई।
लौटाए जाएंगे पैसे
दुल्हन को मनाने का दौर शुरू हुआ। जब वह तैयार नहीं हुई तो सुबह बरातियों को बैरंग लौटना पड़ा। इस दौरान वधु पक्ष के लोग दूल्हे को बंधक बनाए रहे। दोनो पक्षों के बीच एक-दूसरे द्वारा दी गई रकम व सामग्री वापस करने का फैसला हुआ। इसके बाद दूल्हा मुक्त हुआ।