Bihar Flood: नवविवाहित जोड़े पर भी बाढ़ का कहर, ड्रम की नाव पर विदा किए गए दूल्हा-दुल्हन
Bihar Flood बिहार में बाढ़ से बचाव के लिए जुगाड़ तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। ऐसे ही एक वायरल वीडियो में दूल्हा-दुल्हन को ड्रम से बने नाव पर विदा किया जा रहा है।
पटना [जेएनएन]। बिहार में बाढ़ का कहर नवविवाहित जोड़ों पर भी देखने को मिल रहा है। ऐसा ही एक मामला अररिया में प्रकाश में आया है। वहां बाढ़ के पानी से सड़क संपर्क टूटने व आवागमन का कोई और रास्ता नहीं होने के कारण शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन की विदाई ड्रम को जोड़कर बनाए 'जुगाड़ तकनीक' के नाव से की गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।
प्लास्टिक के ड्रम पर विदा हुए दूल्हा-दुल्हन
वीडियो में दिख रहा है कि प्लास्टिक के ड्रम को नाव बनाया गया है। इस नाव पर शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन बैठे हुए हैं। कुछ लोग आधे पानी में डूबकर ड्रम की इस नाव के साथ चल रहे हैं। वे नाव को सहारा दे रहे हैं। .
अररिया में घुसा परमान नदी का पानी
विदित हो कि अररिया के फारबिसगंज स्थित पिपरा में परमान नदी का पानी घुस गया है। इससे सड़कें जलमग्न हो गई हैं। कई जगह सड़कें व पुल टूट गए हैं। प्रशासन की तरफ से आवागमन का कोई वैकल्पिक उपाय नहीं किए जाने से आम लोग अब 'जुगाड़ तकनीक' अपनाकर जान बचा रहे हैं। बीते दिन ड्रम की नाव पर विदाई इसी का उदाहरण है।