विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BPSC TRE-4: शिक्षक भर्ती में टूटा रिकॉर्ड, 33 हजार पदों के लिए अब तक 9.40 लाख आवेदन

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:40 PM (IST)

बीपीएससी टीआरई-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा में 33,320 पदों के लिए 9.40 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जो एक नया कीर्तिमान है। प्रति पद 28 से अधिक दावेदार हैं।

बीपीएससी टीआरई 4 में टूटा आवेदन का रिकॉर्ड।

बीपीएससी टीआरई 4 में टूटा आवेदन का रिकॉर्ड।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित की जाने वाली चौथे चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (TRE-4) ने आवेदनों के मामले में अब तक के सारे कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए।

राज्य में 33 हजार 320 पदों पर होने वाली इस शिक्षक बहाली के लिए सोमवार की शाम तक 9 लाख 40 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।

श‍िक्षक भर्ती इत‍िहास में सबसे बड़ा आंकड़ा 

यह आंकड़ा बीपीएससी शिक्षक भर्ती के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक है। अभी तीन नवंबर तक आवेदन लिए जाने हैं।
सरकारी शिक्षक बनने की होड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस बार एक पद के लिए औसतन 28 से अधिक दावेदार मैदान में हैं।

इससे यह स्पष्ट है कि परीक्षा में प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी होने वाली है। पिछले तीन चरणों के आंकड़ों पर गौर करें तो टीआरई-4 का यह आवेदन चौंकाने वाला है।

पहले चरण में 8 लाख ने क‍िए थे आवेदन 

पहले चरण (टीआरई-1) में आठ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसके बाद दूसरे चरण (टीआरई-2) में यह संख्या छह लाख और तीसरे चरण (टीआरई-3) में घटकर महज चार लाख 50 हजार रह गई थी।

लगातार घटते ग्राफ के बाद चौथे चरण में, जहां पदों की संख्या 33 हजार है, आवेदकों की संख्या में आया यह भारी उछाल बेरोजगारी और सरकारी नौकरी की ललक को दर्शाता है।

रिक्‍त‍ियों का ब्‍योरा 

  • कक्षा 1 से 5 (प्राथमिक विद्यालय): 3,847 पद
  • कक्षा 6 से 8 (मध्य विद्यालय): 8,563 पद
  • कक्षा 9 से 10 (माध्यमिक विद्यालय): 4,380 पद (संशोधित व नए पदों को मिलाकर)
  •  कक्षा 11 से 12 (उच्च माध्यमिक विद्यालय): 16,540 पद

यह भी पढ़ें- BPSC TRE-4: बिहार शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 3 नवंबर तक मौका