विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी नौकरी के क्रेज के बीच BPSC को बड़ा झटका, 218 पदों पर दो बार मौका फिर भी एक भी आवेदन नहीं

Published: Tue, 29 Sep 2026 06:09 PM (IST)

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में विभागाध्यक्ष (HOD) के 218 पदों में से नौ विज्ञापनों के ...और पढ़ें

218 पदों पर होनी थी नियमित नियुक्ति

218 पदों पर होनी थी नियमित नियुक्ति

HighLights

  1. BPSC को नौ विज्ञापनों के लिए एक भी आवेदन नहीं मिला।

  2. दो बार आवेदन का मौका देने पर भी स्थिति नहीं बदली।

  3. BPSC ने विभाग को अधियाचनाएं वापस लौटा दीं।

जागरण संवाददाता, पटना। सरकारी नौकरी के लिए हजारों अभ्यर्थियों के आवेदन करने के बीच बिहार में भर्ती का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की ओर से राजकीय पालिटेक्निक और राजकीय महिला पालिटेक्निक संस्थानों में विभागाध्यक्ष (एचओडी) के पदों पर निकाले गए नौ विज्ञापनों में एक भी अभ्यर्थी ने आवेदन नहीं किया। दो बार आवेदन का मौका दिए जाने के बाद भी स्थिति नहीं बदली।

218 पदों पर होनी थी नियमित नियुक्ति

विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत विभिन्न विभागों और विषयों में विभागाध्यक्ष के कुल 218 रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया प्रस्तावित थी।

इसके लिए बीपीएससी ने 26 अगस्त 2025 को विज्ञापन संख्या 91/2025 से 107/2025 तक विज्ञापन जारी किए थे। भर्ती में बड़ी संख्या में पद होने के बावजूद कई विज्ञापनों को अभ्यर्थी नहीं मिल सके।

दोबारा आवेदन मंगाए, फिर भी नहीं बदली तस्वीर

आयोग को नौ विज्ञापनों के लिए एक भी आवेदन नहीं मिला। इसके बाद उम्मीदवारों को एक और मौका देते हुए इन पदों के लिए दोबारा आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए। उम्मीद थी कि दूसरी बार आवेदन प्रक्रिया में अभ्यर्थी सामने आएंगे, लेकिन दोबारा भी आवेदनों की संख्या शून्य ही रही।

इन नौ विज्ञापनों में नहीं मिला एक भी उम्मीदवार

जिन विज्ञापनों पर किसी अभ्यर्थी ने आवेदन नहीं किया, उनमें विज्ञापन संख्या 96/2025, 97/2025, 98/2025, 99/2025, 101/2025, 102/2025, 103/2025, 104/2025 और 107/2025 शामिल हैं। आयोग के स्तर पर इन पदों के लिए उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण आगे की भर्ती प्रक्रिया बढ़ाना संभव नहीं रहा।

BPSC ने विभाग को वापस लौटाई अधियाचना

बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि जब संबंधित विज्ञापनों के लिए कोई अभ्यर्थी ही उपलब्ध नहीं है, तो आयोग के स्तर से आगे की कार्रवाई अपेक्षित नहीं है।

इसी आधार पर इन नौ पदों से संबंधित अधियाचनाएं विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार को वापस लौटा दी गई हैं।

भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही थमी नियुक्ति

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम बात यह है कि 218 रिक्तियों वाली भर्ती में नौ विज्ञापनों के पदों के लिए आवेदन शून्य रहने के कारण चयन प्रक्रिया आगे बढ़ ही नहीं सकी। अब इन पदों को भरने के लिए विभाग स्तर पर आगे क्या प्रक्रिया अपनाई जाएगी, यह देखने वाली बात होगी।