coronavirus से लड़ाई में लालू के लालों ने संभाला मोर्चा: मैदान में उतरे तेजप्रताप, तेजस्वी ने कही ये बात
बिहार में कोराेना को लेकर अब लालू यादव के दोनों लाल ने भी मोर्चा संभाला है। तेजप्रताप यादव ने मैदान में मोर्चा संभाला तो तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा- हारेगी बीमारी जीतेंगे बिहारी।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार में कोराेना को लेकर अब लालू यादव के दोनों लाल ने भी मोर्चा संभाला है। तेजप्रताप यादव ने शनिवार को मैदान में मोर्चा संभाला। उन्होंने आज पटना जंक्शन के पास लोगों के बीच मास्क, साबुन व सेनेटाइजर बांटे। वहीं, शनिवार को ही तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया। कोरोना को लेकर तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा- हारेगी बीमारी जीतेंगे बिहारी। इतना ही नहीं, रविवार को भी तेजस्वी ने ट्वीट किया।
कोई भी मुसीबत हमारी इच्छा शक्ति से बड़ी नहीं होती।
हर जीवन की सुरक्षा का ज़िम्मा लेंगे और इस कठिन घड़ी में ज़िम्मेदारी से अपना अपना कर्तव्य निभाएँगे।कोरोना से लड़, उसे हराएँगे। सभी दिशा-निर्देशों का ईमानदारी से पालन करेंगे
सजग रहेंगे,सतर्क रहेंगे, मिलकर बिहार को सुरक्षित बनाएँगे pic.twitter.com/As2QEfPA6F — Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) March 22, 2020
रविवार को किए गए ट्वीट में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा- 'कोई भी मुसीबत हमारी इच्छा शक्ति से बड़ी नहीं होती। हर जीवन की सुरक्षा का ज़िम्मा लेंगे और इस कठिन घड़ी में ज़िम्मेदारी से अपना अपना कर्तव्य निभाएंगे। कोरोना से लड़, उसे हराएंगे। सभी दिशा-निर्देशों का ईमानदारी से पालन करेंगे। सजग रहेंगे,सतर्क रहेंगे, मिलकर बिहार को सुरक्षित बनाएंगे।'
कोरोना वायरस के खतरे से निबटने के राजद के अभियान की कमान विधायक तेज प्रताप यादव ने खुद संभाल ली है। शनिवार को वह जागरूकता फैलाने के लिए सड़क पर उतर गए। पटना की सड़कों, स्टेशन और राजद कार्यालय में आम लोगों को मास्क पहनाया और सैनेटाइजर का महत्व बताया। तेजप्रताप का यह अभियान इसलिए भी सुर्खियों में है कि राजद के कुछ नेताओं ने कोरोना से बचाव के लिए प्रधानमंत्री की जनता कर्फ्यू को अघोषित आपातकाल बताया है।
बिहार में सबसे पहले कोरोना से बचने के लिए जागरूकता अभियान के तहत मास्क व सेनेटाईजर वितरण का काम मैंने शुरू किया अब ये अभियान कोरोना को भगाकर हीं रुकेगा।
तत्कालिक स्वास्थ्य विभाग हाथ पे हाथ धरे टुकुर-टुकुर देखती रहे।
आज की तस्वीरें पटना जंक्शन से।। pic.twitter.com/2Dgnf8t29X — Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) March 21, 2020
हालांकि तेजप्रताप ने कहा कि वह किसी सरकार के साथ नहीं, बल्कि आम लोगों के साथ खड़े हैं। अभियान की शुरुआत सड़कों पर लोगों के बीच मास्क, साबुन और सैनेटाइजर बांटकर की। उन्होंने कहा कि जनता कर्फ्यू से ज्यादा जरूरी है लोगों को जागरूक करना। चिकित्सा कैंप लगाना। कर्फ्यू से तो आम लोग भयभीत ही होंगे। उन्होंने सड़कों से गुजर रहे लोगों को सैनेटाइजर से हाथ साफ कराया। बाद में राजद प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां साफ-सफाई की। मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर की खिड़कियों को भी सैनेटाइज किया। तेजप्रताप ने इसे लेकर ट्वीट भी किया है।
उधर, रविवार के पहले शनिवार को भी तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया था। उन्होंने इसके साथ फोटो भी टैग किया। उसमें लिखा हुआ है- 'हारेगी बीमारी, जीतेंगे बिहारी। फोटो में यह भी लिखा है कि सजग रहेंगे जागरूक रहेंगे। हर बचाव अपनाएंगे। कोरोना वायरस को साथ मिलकर हराएंगे।' इसके साथ उन्होंने ट्वीट में सीएम नीतीश कुमार पर तंज भी कसा है। लिखा है- 'हाल ही में 15 वर्षों की नीतीश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा दाख़िल कर बिहार के अस्पतालों में 47% डॉक्टरों की कमी, 70% नर्सों की, 72% Lab Technicians और 58% Pharmacists की कमी बतायी थी। ऐसी स्थिति में आप सोच सकते हैं COVID19 का प्रकोप बिहार में कितना भीषण हो सकता है।'
हाल ही में 15 वर्षों की नीतीश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा दाख़िल कर बिहार के अस्पतालों में 47% डॉक्टरों की कमी, 70% नर्सों की, 72% Lab Technicians और 58 % Pharmacists की कमी बतायी थी।
ऐसी स्थिति में आप सोच सकते हैं #COVID19 का प्रकोप बिहार में कितना भीषण हो सकता है। pic.twitter.com/3RGsQXQw87 — Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) March 21, 2020
दूसरी ओर, राजद की ओर से शनिवार को कई गांवों में मास्क, साबुन एवं डिटॉल का निशुल्क वितरण किया गया। राजद नेताओं का फोकस गरीब बस्तियों पर विशेष है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। भीड़ या मजमा लगाने से बचने की सलाह दी गई है। राजद नेता ने कहा कि कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा परेशानी मजदूरों को हो रही है, जो प्रतिदिन कमाते हैं तो उनके घरों में चूल्हा जलता है। राजद ऐसे परिवारों को तुरंत मुफ्त राशन एवं अन्य सामग्री देने के लिए राज्य सरकार से मांग करता है।