ऑनलाइन कीजिए पर्यटन निगम के होटलों की बुकिंग, मिलेंगी ये सुविधायें
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम अब टूर पैकेजों, राजगीर रोपवे और टैक्सी की बुकिंग को भी ऑनलाइन सेवा से जोडऩे जा रहा है।
पटना [जेएनएन]। पर्यटकों को सुविधा देने की दिशा में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम एक कदम और आगे बढ़ा है। बस एक सप्ताह का और इंतजार करें, इसके बाद पर्यटन निगम के होटलों की ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ हो जाएगी। इसको लेकर सारी तैयारी कर ली गई है। ट्रायल जारी है। यही नहीं इस सुविधा के बाद पटना-रांची बस सेवा का टिकट भी अब घर बैठे बुक किया जा सकेगा। इसके लिए www.bstdc.bih.nic.in पर ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है।
निगम अब टूर पैकेजों, राजगीर रोपवे और टैक्सी की बुकिंग को भी ऑनलाइन सेवा से जोडऩे जा रहा है। इसके पहले पर्यटन होटलों की बुकिंग वहां जाकर ही की जा सकती थी। अब कहीं से भी पटना स्थित होटल कौटिल्य विहार, बोधगया के होटल सुजाता विहार एवं होटल सिद्धार्थ विहार, मोहनियां के होटल कैमूर विहार, मुजफ्फरपुर के होटल लिच्छवी विहार, मधेपुरा के होटल सिंहेश्वर विहार, पूर्णिया के होटल रेणु विहार, सासाराम के होटल शेरशाह विहार, बांका में मंदार गेस्ट हाउस की बुकिंग की जा सकती है।
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के अतिरिक्त महाप्रबंधक डॉ. हरेंद्र प्रसाद ने बताया कि होटलों की ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन प्रयासों का उद्देश्य पर्यटकों के लिए सुविधाओं में वृद्धि के साथ ही निगम के राजस्व में भी वृद्धि करना है।