सरोज खान का पटना से रहा लगाव, बनी थीं जागरण डांडिया की जज
बॉलीवुड की जानी-मानी कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन से पटना में भी उनके प्रशंसक दुखी हैं
पटना। बॉलीवुड की जानी-मानी कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन से पटना में भी उनके प्रशंसक काफी दुखी हैं। उनका पटना से पुराना नाता रहा। कम से कम दो बार इस शहर को उनसे रूबरू होने का मौका मिला। वह दैनिक जागरण से भी काफी नजदीक से जुड़ी थीं। दैनिक जागरण की ओर से आयोजित इंटर स्कूल डांडिया प्रतियोगिता में वह बतौर जज शामिल हुई थीं।
2013 में बनी थीं जागरण डांडिया की जज
दैनिक जागरण की ओर से वर्ष 2013 के अक्टूबर माह में आयोजित प्रतियोगिता में सरोज खान बतौर जज शामिल हुई थीं। इसी आयोजन में अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए उन्होंने बताया था कि बचपन में दीवारों पर अपनी परछाई देख कर नृत्य का अभ्यास किया करती थीं। जिसे देखकर उनकी मां उन्हें पागल कहा करती थीं।
बोरिंग रोड में खोली थी डांस एकेडमी -
उन्होंने शहर के बोरिंग रोड में सरोज डांस एकेडमी खोली थी। एकेडमी के ट्रेनर मनीष बताते हैं कि 2014 में सरोज खान से मिलने का मौका मिला था, जब वह ट्रेनिंग ले रहे बच्चों से मिलने आई थीं। भरतनाट्यम की शिक्षिका और कलाकार नुपूर चक्रवर्ती ने कहा कि डांस एकेडमी में होने के कारण सरोज खान के सामने वर्ष 2014 में एकल नृत्य करने का मौका मिला था। सरोज ने उनकी प्रस्तुति को सराहा था और उन्हें मुंबई आने का न्यौता भी दिया था।
एसके मेमोरियल में बच्चों की प्रतिभा देख हुई थीं खुश -
वर्ष 2013 में एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में भी वह आई थीं। नृत्यांगना मौसम शर्मा ने कहा कि मेमोरियल हॉल में कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुति को देखते हुए उनका मनोबल बढ़ाती रहीं थीं।