छपरा नाव हादसा: डूबे छह लोगों का 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग
छपरा जिले में गंडक नदी मेें नाव पलट जाने से एक दर्जन लोग डूब गए जिनमें से छह लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और छह लोगों की तलाश अभी तक जारी है।
पटना [जेएनएन]। छपरा जिला के पानापुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर सरौंधा बांध के पास गंडक नदी में यात्रियों से भरी एक नाव के पलट जाने से एक दर्जन लोग डूब गए, जिनमें से छह लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी नदी की धार में डूबे छह लोगों का अबतक पता नहीं चल सका है। लापता लोगों की तलाश जारी है।
सभी पदाधिकारी गंडक नदी के तटबंध के विभिन्न स्थलों पर कैम्प किए हुए है। एसडीआरएफ की टीम ने सुबह सात बजे से ही तलाशी अभियान शुरु कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह 12 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर गंडक पार कर रहे थे। बीच नदी में पहुंचने पर ओवरलोड नाव हिचकोले खाने लगी और अंत में पलट गई। नाव में सवार 6 लोग तैरकर नदी किनारे पहुंच गए, लेकिन बाकी 6 लोग पानी के साथ बह गए। लापता लोगों की कल भी तलाश की गई थी।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि ग्रामीण एक छोटी नाव से खेत में काम करने के लिए नदी के उस पार जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी। घटना स्थल पर लापता लोगों के परिजनों के साथ ही भारी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं।
घटना की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ने बताया कि छह लोग नदी से बाहर निकाले गए है जबकि छह लोग लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बाहर निकाले गए और डूबे लोगों के नाम की सूची भी जारी की है।
जो लोग बचाए गए हैं...
फूलकुमारी देवी- भगवानपुर
मोतीलाल-भगवानपुर
श्रीभगवान ठाकुर-फतेहपुर
अनिल महतो-फतेहपुर
अर्जुन कुमार-फतेहपुर
शिवजी महतो-फतेहपुर
जिनकी हो रही तलाश...
शिवाजी राउत-भगवानपुर
मुकेश कुमार शर्मा-पृथ्वीपुर
सुरेंद्र ठाकुर-फतेहपुर
गोविंद कुमार-फतेहपुर
राजेश शर्मा-फतेहपुर
रामदेव महतो-फतेहपुर