बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के वास्तविक नायक बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करेगी भाजपा
बिहार विधानसभा चुनाव की जीत का वास्तविक नायक बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही जायसवाल शनिवार को रक्सौल से अभियान की शुरुआत की है।
पटना, जेएनएन। कार्यकर्ताओं को 17वीं बिहार विधानसभा चुनाव की जीत का वास्तविक नायक बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही जायसवाल शनिवार को रक्सौल से अभियान की शुरुआत की है। डॉ. संजय जायसवाल ने सबसे अधिक वोट लाने वाले चार मंडलों के दो-दो बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करते हुए उनके प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
अथक परिश्रम और लगन से जीत का परचम
अभियान की जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और मेहनत करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी हमेशा याद रखती है। यह हमारे कार्यकर्ताओं की ही मेहनत है कि बिहार में हुए पिछले दो-दो चुनावों में पार्टी ने लगातार बड़ी जीत हासिल की है। जीतों का श्रेय हमारे जमीनी कार्यकर्ताओं को जाता है, जिन्होंने इन चुनावों में अपने अथक परिश्रम और लगन से जीत का परचम लहराया है।
दो-दो बूथ अध्यक्षों के घर जाकर किया जाएगा सम्मानित
डॉक्टर संजय जायसवाल ने कहा कि यह पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं की निष्ठा ही थी कि उन्होंने कोरोना जैसी विषम परिस्थितियों के बावजूद घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाया। इसीलिए पार्टी के वरिष्ठ नेता हर विधानसभा में सबसे अधिक वोट लाने वाले मंडलों के दो-दो बूथ अध्यक्षों के घर पर जाकर उन्हें सम्मानित करेंगे।
बीजेपी की जीत में बूथ अध्यक्षों की अमह भूमिका
गौरतलब हो कि बिहार विधानसभा में कुल 243 सीट है। जिसमें एक लाख छह हजार बूथ हैं। इसबार बीजेपी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 74 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसमें बूथ अध्यक्षों की भूमिका सबसे अहम रही है। इसको देखते हुए पार्टी ने जीत के वास्तविक नायकों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। बिहार बीजेपी अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने रक्सौल से अभियान की शुरुआत कर दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के घर-घर जाकर ये सम्मान दे रही है।