बिहार BJP का बड़ा बयान- महागठबंधन में असहज हैं तो छोड़ें नीतीश
CM नीतीश को BJP प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद ने कहा कि अगर वे महागठबंधन में असहज हैं तो उसे छोड़ दें। इसके पहले JDU महासचिव केसी त्यागी ने कहा था कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ सहज थी।
पटना [जेएनएन]। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने यह कहकर हड़कम्प मचा दिया है कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ ज्यादा सहज थी। इसपर बिहार के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने प्रतिक्रिया देने में देर नहीं की। उन्होंने नीतीश कुमार को सलाह दी है कि जिस जगह ज्यादा तनाव हो, उसे छोड़ देना चाहिए।
नित्यानंद राय ने कहा कि यह सच है कि बिहार में जब एनडीए की सरकार थी, जब जदयू भाजपा के साथ सहज थी। उस सरकार में विकास के काम हो रहे थे। लेकिन, अब सबकुछ ठप है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा हैं।
नित्यानंद राय ने कहा कि नीतीश कुमार को लेकर फैसला केंद्रीय नेतृत्व को करना है। लेकिन, नीतीश कुमार केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन करते हैं तो यह स्वागतयोग्य है। जदयू के साथ आने के सवाल पर कहा कि यह तो नीतीश कुमार को तय करना है।