घोर अराजकता की ओर बढ़ते बिहार में 'महागठबंधन' के विधायक बेलगाम : बीजेपी
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. प्रेम कुमार और प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि बिहार में बढ़ते अपराध के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिम्मेदार हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि बिहार घोर अराजकता की ओर बढ़ रहा है। महागठबंधन के विधायक बेलगाम हो गए हैं।
पटना। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. प्रेम कुमार और प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि बिहार में बढ़ते अपराध के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिम्मेदार हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि बिहार घोर अराजकता की ओर बढ़ रहा है। महागठबंधन के विधायक बेलगाम हो गए हैं।
डॉ. कुमार ने कहा कि महागठबंधन सरकार में शामिल तीनों दलों के विधायकों की करतूतें बिहार की छवि को धूमिल कर रही हैं। एक ओर जदयू विधायक सरफराज आलम राजधानी एक्सप्रेस में महिला से छेडख़ानी के आरोपी होते हैं।
दूसरी ओर कानून को ठेंगा दिखाते हुए विधायक बीमा भारती अपने पति को थाने से जबरदस्ती छुड़वा ले जाती हैं। राजद विधायक कुंती देवी का बेटा एक डॉक्टर को दौड़ा-दौड़ा कर पीटता है तो अब कांग्रेस के बिक्रम से विधायक सिद्धार्थ शर्मा पर लड़की भगाने की एफआइआर दर्ज होती है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब महागठबंधन के विधायकों की ऐसी करतूतें होंगी तो उनकी पार्टी के कार्यकर्ता क्या कर रहे हैं इसे समझा जा सकता है।