राफेल पर कांग्रेस के खिलाफ भाजपा ने बिहार में किया हल्ला बोल, सोनिया-राहुल को खड़ा किया कठघरे में
राफेल केस को लेकर बिहार में भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ हल्ला बोल किया। सभी जिलों में भाजपा की ओर से प्रदर्शन किया गया। पटना में नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने किया।
पटना, जेएनएन। राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसे लेकर शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिहार के सभी जिलों में प्रदर्शन किया। पटना में भी जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस के खिलाफ मार्च निकल कर नारेबाजी की गई। पटना में कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश संजय जायसवाल ने किया। प्रदर्शन में राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन समेत अनेक नेता मौजूद रहे।
दरअसल, कांग्रेस की ओर से दायर राफेल मामले में पुनर्विचार याचिका काे सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया। इसके बाद से ही भाजपा के तेवर कड़े हो गये हैं। पार्टी की ओर से कांग्रेस पर ताबड़तोड़ हमले किये जा रहे हैं। इतना ही नहीं, सोनिया गांधी और राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा जा रहा है।
पटना के कारगिल चौक पर बिहार भाजपा के नेताओं ने शनिवार को अपराह्न के बाद धरना-प्रदर्शन किया। इसके पहले मार्च निकाला गया। कार्यक्रम में शामिल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि राफेल मामले में केंद्र सरकार को सुप्रीम कोर्ट ने क्लीन चिट दे दी है। ऐसे में राहुल गांधी माफी मांगें। भाजपा का कहना है कि शीर्ष अदालत के फैसले ने कांग्रेस नेता और उनकी पार्टी के कोरे झूठ को सामने ला दिया है।