विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को आएंगे पटना, मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात

Published: Sun, 04 Oct 2026 02:16 PM (IST)

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पटना दौरा रविवार से बदलकर अब सोमवार को होगा, जहां वे सुबह पहुंचेंगे ...और पढ़ें

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

HighLights

  1. नितिन नवीन का पटना दौरा रविवार से बदलकर सोमवार को हुआ।

  2. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ नेताओं से करेंगे मुलाकात।

  3. विधान परिषद चुनाव और संगठनात्मक गतिविधियों पर होगी चर्चा।

राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बिहार दौरे के कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। रविवार को प्रस्तावित उनका पटना दौरा टल गया है। अब वह सोमवार की सुबह पटना पहुंचेंगे और रात्रि में वापस लौटने का कार्यक्रम है। पहले उनका दो दिवसीय बिहार दौरा प्रस्तावित था।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की संभावना

पटना प्रवास के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करने की संभावना है। इसके अलावा वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा करेंगे।

विधान परिषद चुनाव को लेकर दौरा महत्वपूर्ण

विधान परिषद चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर नितिन नवीन के बिहार दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और चुनावी तैयारियों पर वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श की संभावना है।

सेवा संकल्प अभियान की भी होगी समीक्षा

बैठकों के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मतिथि के अवसर पर चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और संगठन की गतिविधियों की भी समीक्षा की जा सकती है। अभियान को लेकर प्रमुख नेताओं की सहभागिता वाली बैठक होने की संभावना है।

एयरपोर्ट पर होगा स्वागत

राष्ट्रीय अध्यक्ष के पटना पहुंचने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और भाजपा कोटे से सम्राट सरकार में शामिल कई मंत्री एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों को भी उनके कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी दे दी गई है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, अपरिहार्य कारणों से रविवार को प्रस्तावित राष्ट्रीय अध्यक्ष का पटना आगमन स्थगित किया गया है। सोमवार को उनके पहुंचने के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संगठनात्मक बैठकों का दौर चलेगा।