विपक्ष पर गरजे अमित शाह- नहीं टूटेगा नीतीश से गठबंधन, चाल चलना बंद करें
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पटना के ज्ञान भवन से हुंकार भरी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि बिहार में नीतीश कुमार से गठबंधन नहीं टूटेगा, एनडीए मजबूत है।
पटना [जेएनएन]। पटना के ज्ञान भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि बिहार और केंद्र सरकार बिल्कुल एकजुट है, हम मिलकर सभी 40 सीटों पर लोकसभा का चुनाव जीतेंगे। नीतीश कुमार के साथ एनडीए का गठबंधन नहीं टूटेगा। हमें अपने सहयोगियों को संभालना आता है। हम सहयोगियों के साथ हैं। हम नीतीश कुमार के साथ हैं और रहेंगे।
शाह ने कहा कि जदयू और भाजपा का गठबंधन कोई कुछ कर ले, टूटने नहीं जा रहा है। नीतीश जी हमारे साथ हैं और हमारे साथ ही रहेंगे। शाह ने कहा जिस तरह से हमारे गठबंधन को तोड़ने की कोशिशें चल रही हैं मैं कह देना चाहता हूं कि आगामी लोकसभा चुनाव में हम 40 की 40 सीटें जीतने जा रहे हैं।
विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि जिस तरह से दोनों पार्टियों के बीच झगड़े की बात फैलाई जा रही है कुछ भी ऐसा होने वाला नहीं है। लोगों को देखना है देखते रहें, बिहार में एनडीए मजबूत है और रहेगा।
अमित शाह ने कहा-राहुल बाबा कान खोलकर सुन लो...
इसके बाद अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल बाबा कान खोल कर सुन लो। जितने काम हमने चार साल में किए हैं, उतना आपकी चार पीढियों ने नहीं किया। आपके शासनकाल में केवल घोटाले होते थे। कांग्रेस के शासनकाल में हर मंत्री खुद को पीएम मानता था और पीएम खुद को कुछ नही।
पीएम मोदी की तारीफ की
अमित शाह ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि नमो ने साढे सात करोड़ परिवार को शौचालय और दो करोड़ लोगों को घर दिया है। देश के हर घर को बिजली दिया है। सभी बच्चों का टीकाकरण किया गया। हमारा प्रयास है कि साल 2022 तक एक भी व्यक्ति ऐसा न होगा जिसके सिर पर छत नहीं होगा।
हमारे पीएम ने विदेशों में भारत का सम्मान बढाया है। विश्व मंच को हिंदी में संबोधित कर राष्ट्रभाषा का मान बढाया। दुनिया की सबसे तेजी से बढता अर्थतंत्र है हमारा देश। हमने सर्जिकल स्ट्राइक कर दुनिया को अपनी ताकत का अहसास कराया है।
राहुल गांधी बताएं कि ये बुनियादी सुविधाएं आपकी सरकार ने आजादी के 70 साल तक क्यों नही दिए। दरअसल, राहुल की जोडी बन चुकी है और यह संगत चारा का है।
कहा-हमने देश की दशा और दिशा बदली
शाह ने कहा कि 2014 में भी आज का विपक्ष हमारे खिलाफ था। फिर भी हम जीते। चंद्रबाबू नायडू गए तो हमारे साथ नीतीश आ गए हैं। यूपी में फुआ भतीजा एक हैं। कोई फर्क नहीं पडने वाला। नमो ने चार साल में देश की दिशा बदली है।जाति वाद और तुष्टिकरण की राजनीति नहीं की। हमने हर राज्य में कांग्रेस को हराया है।
बिहार को केंद्र की सरकार द्वारा दिए गए पाई-पाई का हिसाब दिया शाह ने
उन्होंने कहा कि 30 हजार करोड तो केवल विकास योजनाओं के लिए दिए गए। बिहार बीमारू राज्य की सूची में नही रहेगा। बिहार और यूपी दोनो विकसित होंगे।शाह ने किसानों को लागत से डेढ गुना अधिक कीमत देने की चर्चा की।
नमो गरीब का बेटा है इसलिए गरीबों की बात करता है। विपक्ष का एक ही एजेंडा है नमो हटाओ और हमारा देश से गरीबी और भुखमरी हटाओ।
उन्होंने कहा कि बिहार से ही कांग्रेस मुक्त भारत की शुरुआत हुई थी, अब फिर वक्त आ चुका है कि देश से कांग्रेस को उखाड़ देना है। कांग्रेस का खात्मा भी बिहार से ही होगा।
उन्होंने कहा कि बिहार की धरती महान है, इस धरती को मैं नमन करता हूं। ये धरती एेतिहासिक धरती है। इसका अपना महत्व है। बिहार चंद्रगुप्त मौर्य जैसे महान सम्राटों की भूमि है बिहार। आपातकाल लाकर कांग्रेस तानाशाही कर रही थी तो यहीं के नेता जेपी ने पूरे देश को प्रकाश दिखाने का काम किया था।