सुशील मोदी ने ली राज्यसभा सदस्य की शपथ, चारों सदन का मेंबर होने का हासिल किया गौरव
राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने शनिवार को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली। राज्यसभा के सभापति व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने उन्हें सदस्यता दिलाई।
राज्य ब्यूरो, पटना: राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने शनिवार को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली। राज्यसभा के सभापति व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने उन्हें सदस्यता दिलाई।
बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे
इससे पूर्व राज्यसभा के लिए पूर्व से निर्वाचित भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह व उत्तर प्रदेश से निर्वाचित सीमा ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद मोदी ने मीडिया से कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संसद के दोनों सदनों में काम करने का मौका दिया है। राज्यसभा सदस्य के रूप में वे बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में उपसभापति हरिवंश, संसदीय कार्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल व सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलौत भी उपस्थित रहे। सुशील मोदी इसके पूर्व विधान परिषद, विधानसभा और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के साथ ही वे ऐसे नेताओं में शामिल हो गए जिन्हें चारो सदन का सदस्य होने का गौरव हासिल हुआ है।
रामविलास पासवान के निधन से खाली हुई थी सीट
बताते चलें कि केंद्रीय मंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नेता रामविलास पासवान के निधन से राज्यसभा की सीट खाली हो गई थी। लोजपा ने इसके लिए कोई प्रस्ताव नहीं दिया था। जिसके लिए बीजेपी ने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी का नाम प्रस्तावित किया था। सुशील मोदी राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए थे। हाल ही महागठबंध ने ये प्रस्ताव रखा था कि लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया जाए। ऐसा करने पर विपक्ष ने लोजपा का समर्थन करने की बात कही थी, लेकिन लोजपा ने रीना पासवान को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने से मना कर दिया था। चिराग पासवान ने कहा था कि सीट बीजेपी की है, ऐसे में वो तय करे कि किसका उम्मीदवार बनाया जाएगा।