बिहार में राजनेताओं पर आफत: BJP नेता को मार दी गोली, नदी में मिला RJD नेता का शव
बिहार के अररिया में बीती रात एक बीजेपी नेता को गोली मार दी गई। रविवार को ही मधुबनी में एक आरजेडी नेता का हत्या कर फेंका शव मिला। दोनों मामलों की जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
पटना [जेएनएन]। बिहार में इन दिनों राजनेताओं पर आए दिन हमले हो रहे हैं। बीती रात अररिया में अपराधियों ने एक भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता को गोली मार दी। इसके पहले मधुबनी में एक राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता की हत्या कर फेंकी लाश मिलने से जनाक्रोश फैल गया।
अररिया में बीजेपी नेता को मार दी गोली
अररिया के पलासी थाना क्षेत्र के डकैता गांव में देर रात बीजेपी के आइटी सेल के पंचायत संयोजक धर्म किशोर मंडल को गोली मार दी गई। घटना तब हुई, जब वे बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनपर गोलीबारी की।
स्थानीय लोगों व परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना का कारणों का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। पुलिस जांच में जुट गई है।
मधुबनी में आरजेडी नेता की हत्या
इसके पहले मधुबनी. बेलाही पंचायत की पूर्व मुखिया गीता देवी के पति व आरजेडी नेता विशेश्वर यादव का शव भी बीते दिन त्रिशूला नदी में मिला। मृतक के पुत्र मनीष ने एसएसबी जवानों पर पिता की हत्या की एफआइआर दर्ज कराई है।
मनीष के अनुसार उसके पिता विशेश्वर यादव शुक्रवार की शाम बाइक से नेपाल स्थित तेनुआपट्टी में रिश्तेदार से मिलने गए थे। वापसी के दौरान इंडो-नेपाल बॉर्डर के झलौन गांव के पास तैनात एसएसबी जवानों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की तथा हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया। साथ ही ग्रामीण सुरेंद्र यादव को शराब रखने का आरोप लगाकर पुलिस को सौंप दिया।
रविवार को आरजेडी नेता का शव मिलने के बाद आक्रोशित लोगों की भीड़ एसएसबी कैंप की तरफ बढ़ चली। हालांकि, एसएसबी व पुलिस ने एहतियाती कदम उठाकर बड़ी घटना के टाल दिया। एसपी सत्य प्रकाश ने कहा कि ग्रामीण एसएसबी जवानों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस हत्या की एफआइआर दर्ज कर अनुसंधान कर रही है।