विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 16, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शॉटगन का BJP पर नया शॉट, कहा - बिहार में कहीं नहीं 'जंगलराज'

By Kajal KumariEdited By:
Published: Sat, 16 Jan 2016 01:39 PM (IST)Updated: Sun, 17 Jan 2016 05:46 PM (IST)

भाजपा सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा (शॉटगन) ने एक बार फिर पार्टी लाइन से हटकर बयान दिया है। भाजपा जहां ...और पढ़ें

News Article Hero Image

पटना। भाजपा सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा (शॉटगन) ने एक बार फिर पार्टी लाइन से हटकर बयान दिया है। भाजपा जहां बिहार में जंगलराज के आरोप लगा रही है, वहीं, शॉटगन ने पूछा है कि "बिहार में कहां है जंगलराज?" शॉटगन के इस नए शॉट पर भाजपा अभी तक 'खामोश' है।

छोटी अवधि में नहीं आंकें सरकार का प्रदर्शन

अपने ताजा बयान में एनडीए के बिहार में जंगलराज आ जाने के आरोप बार-बार लगाने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि छोटी सी अवधि में किसी सरकार का प्रदर्शन आंकने का यह कोई तरीका नहीं है। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में किसी सरकार के काम को नहीं आंका जा सकता। कहा, "बिहार की नई सरकार का तो हनीमून पीरियड भी अभी खत्म नहीं हुआ है।"

सफल नहीं होती नकारात्मक राजनीति

बिहार विधानसभा चुनावों के प्रचार अभियान से खुद को दूर रखने वाले सिन्हा ने सवाल दागा कि दिल्ली और महाराष्ट्र में क्या हो रहा है? दिल्ली में कानून-व्यवस्था केंद्र सरकार के जिम्मे है, जबकि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार है। सिन्हा ने कहा कि नकारात्मक राजनीति कभी सफल नहीं होती और मैं नकारात्मक राजनीति का कभी भी हिमायती नहीं रहा हूं।

एनडीए ने लगाया था जंगलराज का आरोप

इससे पहले, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने बिहार में हाल में घटी आपराधिक घटनाओं के बाद जंगलराज-2 का नारा दिया था। केंद्रीय मंत्री और लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला था।

भाजपा करे हार के कारणों पर मंथन

हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान अपने बयानों से कई बार भाजपा को असहज कर चुके शॉटगन ने अफसोस जताते हुए कहा कि पार्टी ने अब तक हार पर गंभीर आत्ममंथन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि आत्ममंथन जरूरी है। कहा, "बीमारी के इलाज के बगैर हम पूरी ताकत से आगे कैसे बढ़ पाएंगे?"