राबड़ी की धमकी के बाद पटना पहुंचे गिरिराज सिंह, कांग्रेस ने कसा तंज
राबड़ी देवी की धमकी के बाद कि गिरिराज सिंह को बिहार नहीं आने देंगे, गिरिराज आज पटना पहुंचे। इसपर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि गिरिराज सिंह भाजपा आरएसएस का संदेश लेकर आए हैं।
पटना [जेएनएन]। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के धमकी भरे बयान के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पटना पहुंचे। उनके पटना पहुंचते ही पटना एयरपोर्ट पर जय श्री राम के नारे लगने लगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राबड़ी देवी के बयान पर पलटवार करते हुए पहले ही कहा था कि वह 24 मार्च को बिहार आ रहें हैं।
बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इससे पहले उन्होंने कहा था कि जिसको जो करना है वह कर ले, उन्हें बिहार आने से नहीं रोक सकता। बता दें कि राबड़ी देवी ने कहा था कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और अश्विनी चौबे बिहार में आकर शांति को भंग कर रहें हैं इसलिए उनको बिहार में आने नहीं दिया जाएगा।
राबड़ी देवी के इसी बयान पर गिरिराज सिंह उनकी कड़ी निंदा की। राबड़ी देवी ने कहा कि हम गिरिराज और अश्विनी चौबे का विरोध करेंगे। देश भर के लोग जानते हैं भाजपा दंगाई पार्टी है और गिरिराज सिंह ने लोगों को दंगा के लिए उकसाया था और अश्विनी चौबे के बेटे ने सरकार के समर्थन में जुलूस निकाला था, बीजेपी के लोग तो बाहुबली हैं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के पटना पहुंचने पर कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी ने नसीहत देते हुए कहा कि वो आरएसएस-बीजेपी का संदेश लेकर पटना पहुंचे हैं। गिरिराज बिहार का माहौल खराब करना चाहते हैं। बीजेपी पर निशाना साधते हुए कौकब ने कहा कि बीजेपी बिहार को प्रयोगशाला बनाना चाहती है, यह मगरमच्छ की तरह है जो सबको निगलना चाहती है।
नीतीश कुमार को भी कटघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले नीतीश विकास की बात करते थे पर अब सौहार्द और तनाव रोकने की बात करने लगे हैं। कहां गया सीएम नीतीश का सांप्रदायिक ताकतों को बिहार में रोकने का दावा।