बिहार में बीजेपी ने शुरू किया महाजनसंपर्क अभियान, घर-घर पहुंचा रहे नरेंद्र मोदी की उपलब्धि
Bihar Assembly Election 2020 कोरोना संकट के बीच भाजपा ने गुरुवार को बिहार में महाजनसंपर्क अभियान का श्री गणेश कर दिया। नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों पहुंचा रहे घर-घर।
पटना, राज्य ब्यूरो। कोरोना संकट की चुनौतियों के बीच भाजपा ने गुरुवार को बिहार में महाजनसंपर्क अभियान का श्री गणेश कर दिया। पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने महाअभियान की शुरुआत की। संजय जायसवाल के साथ स्थानीय भाजपा विधायक नितिन नवीन और पार्टी पदाधिकारियों ने भी घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पत्र को बांटा।
महाजनसंपर्क अभियान के दौरान विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह, डाॅ. बसंत सिंह, मालती देवी, डाॅ. सुनील सिंह और अमर कुमार समेत तमाम लोग मौजूद थे। कमेटी के अध्यक्ष रविशंकर सिन्हा के घर पर जाकर प्रधानमंत्री का पत्र दिया।
उधर, जिलों में भाजपा सांसदों, पार्टी पदाधिकारियों, विधायक, विधान पार्षदों के अलावा जिलाध्यक्षों ने भी घर-घर जाकर प्रधानमंत्री का पत्र बांटा और केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया। भाजपा ने अभियान का प्रभारी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता को बनाया गया है, जबकि कमेटी में अभियान की मॉनीटरिंग की छह लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें प्रमोद चंद्रवंशी, धीरेंद्र सिंह, ब्रजेश रमण, मनोज कुमार सिंह, शंभू शरण पटेल और संजय गुप्ता को लगाया गया है।
शुक्रवार को सभी मंडल अध्यक्ष और 13 से 30 जून सप्त ऋषियों को अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने इस दौरान बिहार में एक करोड़ से अधिक बुद्धिजीवियों से संपर्क साधने का लक्ष्य तय किया है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह केंद्रीय गृह मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बिहार में वर्चुअल रैली के माध्यम से चुनावी शंखनाद किया था। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाने की बात कही थी। वर्चुअल रैली में अमित शाह ने भी राजद सुप्रीमो लालू यादव व तेजस्वी यादव को निशाना बनाया था। वर्चुअल रैली को साेशल मीडिया के अलावा बिहार के तमाम जिलों में एलइडी टीवी लगाकर भाजपा के लोगों ने अमित शाह के संबोधन को सुना था।