यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गांधी सेतु के फुटपाथ पर दौड़ी बाइक व ओवरटेक जारी
उत्तर बिहार को राजधानी से जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर शुक्रवार को भी यातायात व्यवस्था यथावत रही।

पटना सिटी : उत्तर बिहार को राजधानी से जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर शुक्रवार को भी पुरानी व्यवस्था के तहत ही वाहनों का परिचालन जारी रहा। पूर्वी लेन के वन-वे पर हर तरह के वाहनों की आवाजाही होती रही। बड़े वाहनों को ओवरटेक करने का मौका तो मिला नहीं लेकिन दोपहिया वाहनों के चालक जान जोखिम में डालते हुए ओवरटेक करते रहे। यहां तक कि सेतु के खतरनाक फुटपाथ पर दोपहिया को पूरी रफ्तार में दौड़ाया। जगह-जगह रे¨लग टूटी होने के कारण किसी भी क्षण बाइक सवार एवं पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ पर चलना जानलेवा हो सकता था।
सेतु पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बताया ओवरटेक करने वाले वाहन चालकों एवं फुटपाथ पर बाइक चलाने वाले किसी भी चालक से 600 रुपया जुर्माना नहीं वसूला गया है। कई पुलिस कर्मियों को इस बदली व्यवस्था के बारे में पूरी जानकारी तक नहीं थी। बोले शुक्रवार की सुबह यह खबर दैनिक जागरण के प्रथम पृष्ठ पर पढ़ा है। इस मामले में ट्रैफिक एसपी पीके दास ने कहा कि अभियान के पहले दिन जुर्माना वसूले जाने की खबर से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। अगले दो दिनों में इस बदली व्यवस्था को पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा। इसके लिए तैयारियों की जा रही हैं। बोर्ड व फ्लैक्स बनवाने तथा खराब पड़ी माइक को ठीक कराया जा रहा है।
- सेतु के 46 पिलरों में से 33 के बीच वनवे, वाहनों की कतार :
गांधी सेतु के पश्चिमी लेन को काट कर गिराने के चल रहे काम को लेकर पाया संख्या एक से 24 के बीच वाहनों का परिचालन पूर्वी लेन पर शिफ्ट कर दिया गया है। इसके बाद कुछ दूरी तक दोनों लेन पर वाहनों के चलने के बाद फिर पाया संख्या 38 से 46 के बीच की सड़क वनवे है। इस तरह से सेतु के 46 पिलरों में से 33 के बीच वाहनों का परिचालन वनवे हो रहा है। वनवे की दूरी काफी बढ़ जाने के कारण एक ही सड़क पर हाजीपुर से पटना और पटना से हाजीपुर आने-जाने वाले वाहनों की कतार लगी रही। इसमें फंसे यात्री परेशानी होते रहे।
- 100 की संख्या में कम्युनिटी पुलिस सेतु पर तैनात :
गांधी सेतु पर पाया संख्या एक लेकर 44 के बीच शुक्रवार को जगह-जगह कम्युनिटी पुलिस तैनात दिखी। डायवर्सन से वाहनों को घूमने में, ओवरटेक करने वालों रोकने-टोकने तथा जाम न लगने देने के प्रयास में यह जवान मुस्तैद दिखे। ट्रैफिक एसपी पी के दास ने बताया कि तीनों पाली में 100 कम्युनिटी पुलिस को सुगम तरीके से वाहनों के परिचालन में सहयोग करने के लिए लगाया गया है।
- सेतु की सड़क पर हर कदम में मौत से सामना
गांधी सेतु के पूर्वी लेन पर ही वाहनों का अत्यधिक बोझ है। पश्चिमी लेन पर चल रहे काम को देखते हुए कई सालों तक पूर्वी लेन पर इसी तरह से वाहनों का परिचालन जारी रहने की संभावना है। बावजूद इसके, इस लेन का रख-रखाव नहीं होने से हर कदम पर मौत के गड्ढे हैं। दो स्पैन को जोड़ने वाले ¨फगर के ऊपर-नीचे हो जाने के कारण दोपहिया व तीन पहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना काफी बढ़ गई है। कई जगहों पर सड़क के गड्ढे से सरिया नजर आ रही है। सड़क के दोनों किनारे बालू जाम रहने के कारण खतरा बढ़ा है। फुटपाथ से सटी रे¨लग अधिकांश जगहों पर टूट चुकी है। पुल को लेकर विभाग द्वारा बरती जा रही इस लापरवाही से हर कदम पर यात्रियों का सामना मौत से हो रहा है।
