राजधानी में रंगे हाथ धराया चोर, गांधी मैदान से बाइक ले रफूचक्कर होने की थी योजना
पटना मेें बाइक चोर को रंगे हाथों पुलिस ने दबोचा है। आरोपित गांधी मैदान से गाड़ी चोरी कर भाग रहा था।
पटना, जेएनएन। पटना में चोरों का आतंक है। पुलिस दिनभर शहर में गश्ती करती रहती है शातिर मौज करते हैं। अब देर रात छोड़ दीजिए भरी दोपहरी में चोरी को कोशिश की जा रही है। इन घटनाओं के बीच खाकी को कामयाबी मिली है। रविवार को एेसी ही एक घटना सामने आई। पटना की शान गांधी मैदान से एक युवक को चोरी की बाइक लेकर भागते हुए पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपित का नाम भोलू बताया जा रहा है। गांधी मैदान थाने की पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक रौशन कुमार गांधी मैदान में क्रिकेट खेलने अपनी पल्सर बाइक से आया था। इस दौरान उसने मैच खेलने के लिए मैदान के बाहर अपनी बाइक खड़ी कर दी और अंदर खेलने चला गया। इसी बीच एक युवक आया और उसकी बाइक का लॉक खोलकर भागने लगा।
इसपर रोशन और उसके साथियों ने चोर का पीछा करना शुरू कर दिया। दूसरी तरफ से आ रहे गांधी मैदान पुलिस के जवान की नजर उन लोगों पर पड़ गई। पुलिस ने भी बाइक सवार भालू को दौड़ा लिया और थोड़ी दूसर जाकर पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपित भोलू गोरियाटोली का रहने वाला है। फिल्हाल उससे पूछताछ की जा रही है।