विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कोसी के व‍िश्‍वकर्मा': जेपी आंदोलन से डिप्टी CM तक; बिजेंद्र प्रसाद यादव का 1990 से अजेय सफर

Published: Tue, 14 Apr 2026 03:48 PM (IST)

Bihar New Deputy Chief Minister: बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया ...और पढ़ें

बिजेंद्र प्रसाद यादव बनेंगे नए ड‍िप्‍टी सीएम। फाइल

बिजेंद्र प्रसाद यादव बनेंगे नए ड‍िप्‍टी सीएम। फाइल

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही डिप्टी सीएम को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। वरिष्ठ जदयू नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव का नाम उपमुख्यमंत्री के रूप में फाइनल कर दिया गया है।

वे विजय कुमार चौधरी के साथ शपथ लेंगे। दोनों नेता नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाते हैं। सुपौल से 1990 से लगातार विधानसभा चुनाव जीत रहे बिजेंद्र यादव को क्षेत्र में ‘कोसी का विश्वकर्मा’ कहा जाता है।

वे कोसी इलाके के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। जेपी आंदोलन से राजनीति में आए बिजेंद्र यादव ने 1990 में पहली बार जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ा और कांग्रेस के प्रमोद कुमार सिंह को हराकर विधानसभा पहुंचे।

लालू-राबड़ी सरकार में रहे मंत्री 

इसके बाद 1991 में लालू प्रसाद यादव की सरकार में उन्हें ऊर्जा राज्य मंत्री बनाया गया। राबड़ी देवी की सरकार में भी वे मंत्री रहे। तभी से उनका राजनीतिक सफर लगातार आगे बढ़ता रहा और वे हर चुनाव में जीत दर्ज करते रहे।

2005 में वे जदयू के प्रदेश अध्यक्ष थे, जब नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सत्ता परिवर्तन हुआ। इसके बाद से नीतीश का भरोसा उन पर लगातार मजबूत होता गया।

नीतीश सरकार में बिजेंद्र यादव कई बार ऊर्जा मंत्री रहे हैं। जीतन राम मांझी की अल्पकालिक सरकार में भी उन्होंने मंत्री पद संभाला।

कांग्रेस, राजद और भाजपा प्रत्‍याशी को दे चुके शिकस्‍त

अगर उनके चुनावी रिकॉर्ड पर नजर डालें तो 1995 में उन्होंने फिर जीत दर्ज की। 2000 में जदयू के टिकट पर राजद प्रत्याशी विनायक प्रसाद यादव को हराया। 2005 (फरवरी और अक्टूबर) दोनों चुनावों में राजद के इसराइल राईन को पराजित किया।

2010 में उन्होंने राजद के रविंद्र कुमार रमण को 15 हजार से अधिक वोटों से हराया। 2015 में महागठबंधन के दौर में भाजपा के किशोर कुमार मुन्ना को शिकस्त दी।

2020 में एनडीए के साथ चुनाव लड़ते हुए कांग्रेस के मिन्नतुल्लाह रहमानी को 28 हजार से ज्यादा वोटों से हराया और 2025 में भी उन्होंने अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा।

बिजेंद्र प्रसाद यादव का यह लंबा और लगातार सफल राजनीतिक सफर ही उन्हें बिहार की राजनीति में एक मजबूत और भरोसेमंद चेहरा बनाता है, जिसकी बदौलत अब उन्हें उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

यह भी पढ़ें- सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के ‘सम्राट’? भाजपा ने नाम पर लगाई मुहर, 15 अप्रैल को लेंगे शपथ

यह भी पढ़ें- भावुक हुए नीतीश और मंत्री, इस्तीफे से पहले कैबिनेट में दिखा इमोशनल पल; बिहार को म‍िलेगा नया 'सम्राट'

यह भी पढ़ें- क्या डिप्टी CM से CM बनने का सूखा खत्म होगा? सम्राट चौधरी तोड़ सकते हैं 67 साल पुराना रिकॉर्ड