बिहटा में नाले में मिला बोरा कारोबारी का शव, मौत की खबर से मचा हड़कंप; पटना-औरंगाबाद मेन रोड जाम
बिहटा के राघोपुर में एक बोरा व्यवसायी कृष्णा महतो का शव नवनिर्मित नाले से मिलने के बाद इलाके में सनसनी ...और पढ़ें

बोरा व्यवसायी के शव के पास बिलखते स्वजन। जागरण
संवाद सूत्र, बिहटा (पटना)। बिहटा के राघोपुर स्थित बाजार समिति के नवनिर्मित नाले से मंगलवार की सुबह एक बोरा व्यवसायी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान राघोपुर निवासी बसंत महतो का 45 वर्षीय पुत्र कृष्णा महतो के रूप में की गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और व्यवसायियों ने पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया।
सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। टायर जलाकर लोगों ने रोड जाम कर दिया। पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।

(सड़क जाम करते लोग।)
सोमवार शाम से लापता था कारोबारी
बताया जा रहा है कि मृतक का बाजार समिति गेट के समीप पुराने बोरे की खरीद-बिक्री की दुकान है। बताया जाता है कि बीते शाम दुकान बंद होने के बाद से वह लापता था।
काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चल सका। सुबह स्थानीय लोगों ने बाजार समिति के नवनिर्मित नाले में शव देखा, जिसके बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
शव की खबर मिलते ही जुटी भीड़
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने लगे।
लोगों का आरोप है कि बाजार समिति क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था लचर है। सूचना पर बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। इधर मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
