बिहार के 38 जिलों में 1.03 लाख से अधिक कार्यों से बदलेगी जनसुविधाओं की तस्वीर
बिहार सरकार का 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान' राज्य के 38 जिलों में 1.03 लाख से अधिक कार्यों के माध्यम ...और पढ़ें

HighLights
बिहार के 38 जिलों में 1.03 लाख कार्य।
शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और ग्रामीण संरचना पर ध्यान।
ग्रामीण विकास विभाग अभियान का नोडल विभाग।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत बड़े पैमाने पर मरम्मत, अनुरक्षण एवं नव निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इस अभियान के अंतर्गत राज्य के 38 जिलों में कुल 1,03,445 कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन कार्यों की जिम्मेदारी विभिन्न विभागों को सौंपते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दी गई है।
राज्य सरकार ने 17 सितंबर 2026 से शुरू किए गए इस अभियान के माध्यम से पहले से मौजूद सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण और रखरखाव के साथ-साथ नई जनोपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण की व्यापक पहल की है। अभियान के तहत मौजूदा परिसंपत्तियों के उन्नयन एवं मरम्मत कार्यों को 30 नवंबर 2026 तक तथा नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीण विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
आठ विभागों के माध्यम से विकास कार्यों को गति
अभियान के तहत सभी 38 जिलों में आठ विभागों के माध्यम से पंचायतवार प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्य आवंटित किए गए हैं। शिक्षा विभाग को विद्यालय भवनों एवं कक्षाओं का मरम्मत, वर्ग-कक्षों, नए भवनों एवं शौचालयों के निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों की मरम्मत, नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण, प्रतीक्षालय आदि का निर्माण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण तथा पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण से संबंधित विभागों के माध्यम से आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं सामुदायिक भवनों की मरम्मत, निर्माण, ग्रामीण विकास विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने आदि की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी), पंचायती राज विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग को भी विकास कार्य संबंधी अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी विभागों को इसके तहत अलग-अलग कार्य का आवंटन किया जाएगा।
कार्य आवंटन में गया का पहला स्थान
जिलावार आवंटन में गया 5,605 कार्यों के साथ पहले स्थान पर है। पटना में 5,572, सीतामढ़ी में 4,873, मधुबनी में 4,537 और मुजफ्फरपुर में 4,467 कार्य आवंटित किए गए हैं। इन जिलों में सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत, उन्नयन एवं नव निर्माण के माध्यम से स्थानीय स्तर पर जनसुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान राज्य के गांवों और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सार्वजनिक परिसंपत्तियों का नियमित रखरखाव और उनका बेहतर उपयोग सुशासन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अभियान के माध्यम से सरकार का प्रयास है कि विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और राज्य में जनसुविधाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो। - श्रवण कुमार (मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जन-संपर्क विभाग)
