बिहार के 32 जिलों में तैयार हुआ ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक, अब ऐसे होगा लाइसेंस का टेस्ट; जल्द शुरू होगी नई व्यवस्था
बिहार के 32 जिलों में स्वचालित ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण पूरा हो गया है, जहाँ जल्द ही आधुनिक और ...और पढ़ें

32 जिलों में ट्रैक का निर्माण पूरा
HighLights
बिहार के 32 जिलों में ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक तैयार।
जल्द शुरू होंगे आधुनिक और पारदर्शी ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट।
नई व्यवस्था से अनियमितताएं रुकेंगी, प्रक्रिया होगी व्यवस्थित।
राज्य ब्यूरो, पटना। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया अब पहले से ज्यादा वैज्ञानिक और पारदर्शी होने जा रही है। बिहार के 32 जिलों में स्वचालित एवं सामान्य ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण पूरा हो चुका है। इन ट्रैक पर जल्द ही ड्राइविंग टेस्ट शुरू किए जाएंगे। फिलहाल पटना और औरंगाबाद में बने ट्रैक पर ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया चल रही है।
32 जिलों में ट्रैक का निर्माण पूरा
परिवहन विभाग के अनुसार मोतिहारी, पूर्णिया, बांका, नवादा, भागलपुर, कैमूर, दरभंगा, किशनगंज, नालंदा, शिवहर, समस्तीपुर और जहानाबाद में ट्रैक तैयार हो चुके हैं।
इसके अलावा सीतामढ़ी, रोहतास, मुंगेर, शेखपुरा, जमुई, बेतिया, बक्सर, अररिया, वैशाली और लखीसराय में भी निर्माण कार्य पूरा हो गया है।
खगड़िया, सारण, मधेपुरा, गया, गोपालगंज, सुपौल, अरवल, सहरसा और सिवान भी तैयार ट्रैक वाले जिलों में शामिल हैं। विभाग के मुताबिक शेष जिलों में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और उसे भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
तय मार्ग और सिग्नल पर होगी परीक्षा
नए ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर उम्मीदवारों की वास्तविक ड्राइविंग क्षमता का आकलन निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। टेस्ट के दौरान तय मार्ग, सिग्नल, मोड़, पार्किंग और अन्य ड्राइविंग चुनौतियों से गुजरना होगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य ड्राइविंग लाइसेंस परीक्षा को एक समान और व्यवस्थित बनाना है। इससे उम्मीदवारों की ड्राइविंग क्षमता की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा सकेगी।
अनियमितताओं पर लगेगी रोक
परिवहन विभाग के अनुसार पहले कई जगहों पर ड्राइविंग टेस्ट अनौपचारिक तरीके से होने की शिकायतें मिलती थीं। नए टेस्टिंग ट्रैक के जरिए परीक्षा प्रक्रिया को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
ट्रैक पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच होने से ड्राइविंग टेस्ट में एकरूपता आने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि इससे आवेदकों को भी परीक्षा के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
जल्द शुरू होगी टेस्ट की नई व्यवस्था
32 जिलों में ट्रैक तैयार होने के बाद अब इन पर ड्राइविंग टेस्ट शुरू करने की तैयारी की जा रही है। शेष जिलों में निर्माण पूरा होने के बाद वहां भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की जाएगी।
इससे आने वाले समय में बिहार में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए होने वाली परीक्षा ज्यादा व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित की जा सकेगी।
