दशहरा-छठ से पहले बिहार से हरियाणा की सीधी बस सेवा, 12 रूटों पर चलेंगी एसी डीलक्स बसें; दिल्ली-NCR जाना होगा आसान
बिहार और हरियाणा के बीच सीधी अंतरराज्यीय बस सेवा त्योहारों से पहले शुरू होने वाली है। इससे दिल्ली-एनसीआर में रहने ...और पढ़ें

12 प्रमुख रूटों से हरियाणा जाएंगी बसें(AI फोटो)
HighLights
बिहार-हरियाणा सीधी बस सेवा त्योहारों से पहले शुरू होगी।
12 प्रमुख रूटों पर एसी डीलक्स बसें चलेंगी।
दिल्ली-एनसीआर के लिए आवागमन अब होगा आसान।
राज्य ब्यूरो, पटना। दशहरा, दिवाली और छठ से पहले बिहार के लोगों के लिए बड़ी राहत मिलने वाली है। बिहार और हरियाणा के बीच नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य सरकार को बिहार-हरियाणा रूट पर बस परिचालन की अनुमति मिल गई है।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) बसों का नियमित परिचालन करेगा। निगम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के साथ बसों की खरीद भी शुरू कर दी है।
त्योहारों से पहले शुरू हो सकती है बस सेवा
परिवहन विभाग के अनुसार, हरियाणा के साथ उत्तर प्रदेश के रूट पर भी बसों का परिचालन किया जाएगा। इससे दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए आवागमन और आसान होगा।
परिवहन निगम अपने स्तर से 149 बसों की खरीद कर रहा है, जिसमें 75 एसी बसें शामिल हैं। इन बसों की खरीद कई चरणों में की जाएगी।
12 प्रमुख रूटों से हरियाणा जाएंगी बसें
बिहार-हरियाणा के बीच अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने के लिए इस वर्ष जुलाई में दोनों राज्यों के बीच द्विपक्षीय समझौता (एमओयू) हुआ था।
इसके तहत बिहार के 12 प्रमुख रूटों से हरियाणा के लिए एसी युक्त डीलक्स बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलेगा।
पटना से दरभंगा तक, कई शहरों को जोड़ा जाएगा
योजना के अनुसार बसें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, मधुबनी समेत बिहार के अन्य प्रमुख शहरों से चलेंगी। ये बसें हरियाणा के अंबाला, गुरुग्राम और पानीपत जैसे शहरों तक जाएंगी।
इन रूटों पर कारोबार, रोजगार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है।
हरियाणा रूट के परमिट पर भी हुई चर्चा
परिवहन विभाग के अनुसार, परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने हाल में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात की थी।
इस दौरान हरियाणा समेत अंतरराज्यीय बस सेवा के लिए रूट परमिट से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। सरकार का प्रयास है कि पर्व-त्योहारों से पहले यात्रियों को सीधी बस सेवा का लाभ मिल सके।
149 नई बसों की खरीद, 75 होंगी एसी
परिवहन निगम 149 बसों की खरीद कर रहा है। इनमें 75 एसी बसें होंगी। इन्हीं एसी बसों में से कुछ को हरियाणा समेत दूसरे राज्यों के रूट पर लगाने की तैयारी है।
बस सेवा शुरू होने से बिहार से हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर आने-जाने वाले यात्रियों को निजी वाहनों या दूसरे साधनों पर निर्भरता कम होगी।
