Bihar Weather Updates: बर्फीली हवाओं से कांपा बिहार; कई शहरों में कोल्ड-डे, पटना में स्कूल बंद
Bihar Weather Updates इन दिनों पूरा बिहार भयंकर ठंड की चपेट में है। हवाओं में गलन बढ़ गई है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य में ठंड से 20 की मौत की भी खबर मिली है।
पटना [जेएनएन]। Bihar Weather Updates: उत्तरी भारत (North India) से आने वाली बर्फीली हवाओं (Icy Winds) के कारण पूरा बिहार भीषण ठंड एवं शीतलहर की चपेट में आ गया है। पटना, गया, भागलपुर एवं पूर्णिया में शुक्रवार को कोल्ड डे (Cold Day) रहा। शनिवार को ठंड और बड़ने के आसार हैं। ठंड को देखते हुए पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि ने 12वीं तक के निजी एवं सरकारी स्कूलों को दो जनवरी तक तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया है। ठंड से दो दिनों में 20 लोगों की मौत की खबर है।
भीषण ठंड की चपेट में पूरा बिहार
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमोत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण राजधानी पटना समेत पूरा बिहार भीषण ठंड की चपेट में है। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य तापमान से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना की हवा में 78 फीसद नमी भी दर्ज की गई।
सर्वाधिक ठंडा रहा भागलपुर
पूरे प्रदेश की बात करें तो शुक्रवार को भागलपुर सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा। वहां का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री रहा। गया में अधिकतम तापमान 16.6 एवं न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया में अधिकतम तापमान 15.4 एवं न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
घरों के अंदर भी ठिठुर रहे लोग
हवा में गलन इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि घर के अंदर भी लोग ठिठुर रहे हैं। धूप निकलने के बावजूद गलन में कमी नहीं आ रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हिमालय के पश्चिमी भाग में मौसम बेहद खराब है। वहां भारी बर्फबारी हो रही है। इसका असर एक या दो जनवरी को बिहार पर पड़ेगा। यहां बारिश के आसार बन सकते हैं।
पटना, गया, भागलपुर व पूर्णिया में कोल्ड डे
शुक्रवार को पटना, गया, भागलपुर एवं पूर्णिया में कोल्ड डे रहा। विदित हो कि जब किसी स्थान का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाए और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे हो तो वहां कोल्ड डे घोषित कर दिया जाता है।
बिहार में ठंड के कारण 20 की मौत
ठंड की चपेट में आने से शुक्रवार को खगडिय़ा जिले के गोगरी प्रखंड में एक बच्ची और एक महिला की मौत हो गई। गोगरी रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉ. चंद्रप्रकाश ने दोनों मरीजों की मौत ठंड से होने की बात कही। हालांकि, जिलाधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने ऐसी सूचना से इनकार किया। शुक्रवार को बिहार के अन्य इलाकों में भी ठंड के असर से पांच लोगों के मरने की खबर है। इनमें समस्तीपुर के तीन, सीतामढ़ी और दरभंगा के एक-एक लोग हैं। इसके एक दिन पहले भी बिहार में ठंड से एक दर्जन लोगों की मौत की खबर मिली थी।