Bihar Weather Update: बिहार में पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी, गया में बरस रही आग, दो की मौत
Bihar Weather Update बिहार का ज्यादातर हिस्सा लू की चपेट में है। गया का तापमान सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। झुलसाने वाली गर्मी से दो लोगों की मौत हो गई है।
पटना, जेएनएन। BIhar weather Update: बिहार के दक्षिणी-पश्चिमी हिस्से में पिछले दो दिनों से चल रही गर्म हवा के थपेड़ों से पूरा जनजीवन प्रभावित हो गया है। बिहार के कई हिस्सो में सोमवार को 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछिया हवा की वजह से झुलसने वाली गर्मी पड़ रही है। गया, बक्सर भभुआ और औरंगाबाद, रोहतास में पारा 45 डिग्री पार कर गया और इनमें सबसे अधिक उच्चतम तापमान गया में 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
दक्षिण-पश्चिमी बिहार और पटना में अगले 24 घंटे और तापमान बढ़ सकता है और मुजफ्फरपुर और उससे सटे जिलों में मंगलवार को लू चलने का पूर्वानुमान है। राहत की बात ये है कि बिहार में लू की स्थिति ज्यादा समय तक नहीं रहेगी़।
आइएमडी पटना के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले 48 घंटे कुछ जिलों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। आइएमडी के क्षेत्रीय निदेशक विवेक सिन्हा के मुताबिक 27 मई से पूर्वी,मध्य और उत्तरी बिहार में तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। दरअसल इस क्षेत्र में चक्रवाती क्षेत्र बनने से बादल और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
बिहार की राजधानी पटना सहित पूरे प्रदेश में पिछले दो दिनों से सोमवार को चिलचिलाती धूप से गर्मी बढ़ गई। उमस भी रही जिससे लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर की हवा में आर्द्रता 55 फीसद रही। वहीं प्रदेश में गया सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिनभर गर्म हवा चलती रही।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक संजय कुमार के अनुसार ऐसी स्थिति आगे भी जारी रहेगी। वर्तमान में पूरे प्रदेश का आकाश साफ है। मंगलवार को भी गर्म हवा चलेगी। बुधवार से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। पूर्वा हवा चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
विदित हो कि हाल में बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात के दौरान राज्य के मौसम में बदलाव आया था। चक्रवात के शांत होने के बाद गर्मी काफी बढ़ गई है। पश्चिम से आने वाली गर्म हवा ने लोगों की परेशानी काफी बढ़ा दी है।
हीट स्ट्रोक की चपेट में आकर दो लागों की मौत
गया में सोमवार को आसमान से आग बरसी और जिले का तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया तो हीट स्ट्रोक से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक राजेंद्र साव मानपुर की कुम्हार टोली मोहल्ले का रहने वाला था, जबकि दूसरे की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
वहीं, जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने कहा है कि दो लोगों की मौत की सूचना मिली है, लेकिन मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।