विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Weather Update: बिहार में कल से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

Published: Mon, 05 Oct 2026 07:34 AM (IST)

बिहार से मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव आ रहा है। 6 से 9 अक्टूबर के बीच उत्तरी ...और पढ़ें

बारिश में भींगती छात्राएं। फाइल फोटो

बारिश में भींगती छात्राएं। फाइल फोटो 

HighLights

  1. 6 से 9 अक्टूबर तक उत्तरी बिहार में बारिश की संभावना।

  2. दिन में गर्मी, सुबह-रात में हल्की ठंड का अहसास।

  3. बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से स्थानीय बादल विकसित होंगे।

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News बिहार से मानसून की विदाई के साथ मौसम का तेवर बदलने लगा है। सोमवार से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ मौसम शुष्क और सामान्य बना रहेगा।

दिन में चटख धूप लोगों को हल्की गर्मी का अहसास करा रही है जबकि, रात और सुबह के समय गुलाबी ठंड का प्रभाव बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सोमवार को पूर्वी व पश्विमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ छिटपुट वर्षा के आसार हैं।

छह से नौ अक्टूबर के दौरान प्रदेश के उत्तरी भागों के अलग-अलग स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ हल्की वर्षा की स्थिति बने रहने के आसार है।

रविवार को कुछ जगहों पर छुटपुट बारिश

रविवार को पटना सहित आसपास इलाकों में बादल और धूप के साथ मौसम का मिजाज बना रहा है। दिन में हल्की गर्मी के साथ सुबह और रात्रि में हल्की ठंड का प्रभाव बना रहा।

बीते 24 घंटे के दौरान अररिया, समस्तीपुर, मधुबनी एवं सहरसा के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। अररिया के फारबिसगंज में 4.2 मिमी, समस्तीपुर के खानपुर में 4.2 मिमी, मधुबनी के लौकाही में 2.2 मिमी एवं सहरसा के महिषी में 1.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पटना सहित अन्य जिलों का मौसम शुष्क और सामान्य बना रहा।

पांच दिनों के दौरान तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। पटना सहित ज्यादातर जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस एवं 37.8 डिग्री सेल्सियस भभुआ का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में नमी बने रहने और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मौसमी सिस्टम के प्रभाव से स्थानीय स्तर पर बादल विकसित होने के आसार है। इसके कारण प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा एवं बूंदाबांदी की संभावना है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 33.9 26.0
गया 34.0 23.4
भागलपुर 34.0 25.6
मुजफ्फरपुर 33.0 26.3

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)