Bihar Weatther Update: बिहार में मानसून विदाई से पहले बदला मौसम, पटना समेत 18 जिलों में वज्रपात-बारिश का अलर्ट
प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले मौसम में बदलाव आया है, जिससे राजधानी पटना सहित कई जिलों में हल्की वर्षा हुई और उमस से राहत मिली है।

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
मानसून की विदाई से पहले बिहार में मौसम का मिजाज बदला।
पटना समेत 18 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात का अलर्ट।
हल्की वर्षा से उमस भरी गर्मी से राहत, तापमान गिरा।
जागरण संवाददाता, पटना। प्रदेश में बादलों की आवाजाही के साथ राजधानी सहित अलग-अलग भागों में हल्की वर्षा के साथ मौसम का मिजाज बदला है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के साथ तापमान में गिरावट आने से सुबह और रात्रि में हल्की ठंड का अनुभव हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग भागों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ हल्की वर्षा की गतिविधियां बने रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के 18 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
राजधानी में 15.2 मिमी वर्षा
बीते 24 घंटे के दौरान पटना सहित प्रदेश के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई। राजधानी में 15.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई जबकि, किशनगंज के तैयबपुर में 183 मिमी सर्वाधिक वर्षा हुई। राजधानी सहित प्रदेश के अलग-अलग भागों में वर्षा के कारण कई जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
पटना के अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट के साथ 28.5 डिग्री सेल्सियस एवं 34.4 डिग्री सेल्सियस भभुआ का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर तक राज्य के उत्तर पश्चिम एवं दक्षिण पश्चिम हिस्सों का मौसम शुष्क रहने के साथ शेष भागों में छिटपुट वर्षा के आसार है। इस दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटा हवा चलने की संभावना है।
मधेपुरा से होकर गुजर रही मानसून रेखा
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि मानसून की वापसी रेखा मधेपुरा से होकर गुजर रही है। अभी दो से तीन दिनों तक मानसून का प्रभाव प्रदेश में बने रहने एवं पूर्वोत्तर बिहार व आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण एवं तेलंगाना तक ट्रफ के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बने रहने के आसार है।
भोजपुर में 56 किमी प्रतिघंटा हवा की रफ्तार दर्ज की गई। बीते 24 घंटे के दौान अति भारी वर्षा सहरसा, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, भोजपुर, पूर्णिया में दर्ज की गई। जबकि, अन्य भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज हुई।
प्रमुख शहरों में दर्ज हुई वर्षा
सहरसा के सत्तार कटैया में 106.4 मिमी, हाजीपुर में 87.2 मिमी, समस्तीपुर के रोसड़ा में 80.2 मिमी, दरभंगा के हायाघाट में 79.6 मिमी, समस्तीपुर के पटोरी में 78 मिमी, किशनगंज के ठाकुरगंज में 75.6 मिमी, भोजपुर के उदांतनगर में 74.2 मिम, वैशाली के बिदुपुर में 72.8 मिमी दर्ज की गई।
गया के मानपुर में 72 मिमी, समस्तीपुर के दलसिंहसराय में 68.6 मिमी, समस्तीपुर में 65.2 मिमी, समस्तीपुर के हसनपुर में 63 मिमी, समस्तीपुर के बेतिया में 61.4 मिमी, वैशाली के लालगंज में 60.6 मिमी, बेगूसराय के चौराही में 59 मिमी, पटना के मसौढ़ी में 56.4 मिमी, समस्तीपुर के सिंहिया में 55.4 मिमी दर्ज की गई।
दरभंगा के बेनीबाद में 54.5 मिमी, मधेपुरा के कुमारखंड में 53.8 मिमी, पटना के फतुहा में 53.8 मिमी, समस्तीपुर के उजीयारपुर में 53.4 मिमी, दरभंगा के अलीनगर में 53.2 मिमी, पुनपुन में 51 मिमी दर्ज की गई।
किशनगंज के बहादुरगंज में 49 मिमी, जहानाबाद के घोसी में 48.4 मिमी, नालंदा के इस्लामपुर में 48.2 मिमी, जहानाबाद के काको में 48 मिमी एवं समस्तीपुर के विद्यापति नगर में 47.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 28.5 | 21.2 |
| गया | 28.0 | 21.8 |
| भागलपुर | 29.4 | 23.4 |
| मुजफ्फरपुर | 31.2 | 23.1 |
