विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Weather Update: चक्रवात 'अर्णब' से पटना का पारा 9 डिग्री लुढ़का, 2 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:46 AM (IST)

चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है, जिससे पटना सहित कई जिलों में ...और पढ़ें

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

जागरण संवाददाता, पटना। चक्रवाती तूफान अर्णब के असर से बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है। आसमान में छाए बादल, रुक-रुककर होती वर्षा और गिरते तापमान ने अक्टूबर के आखिरी दिनों में ही ठंड बढ़ा दी है। गुरुवार को पटना समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में वर्षा की गतिविधियां जारी रहीं। 

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने अगले 24 घंटे के दौरान मधुबनी और सीतामढ़ी में अत्यंत भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, दरभंगा, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण एवं शिवहर में आंधी-पानी को लेकर आरेंज अलर्ट है। इन स्थानों पर हवा की गति 40-50 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार हैं। 

31 अक्टूबर तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 31 अक्टूबर तक अलग-अलग हिस्सों में वर्षा का दौर जारी रहेगा। दो नवंबर से वर्षा की गतिविधियों में कमी आने के साथ धुंध और ठंड का प्रभाव बढ़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के साथ सुबह और शाम ठंड में वृद्धि की संभावना है। 

प्रदेश के गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सिवान एवं वैशाली जिले में भारी वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। बीते 24 घंटे के दौरान पटना सहित प्रदेश के सभी भागों में वर्षा की गतिविधियां बनी रही। 

तापमान में नौ डिग्री की गिरावट

राजधानी में दिन भर रुक-रुक कर एवं शाम होते ही झमाझम वर्षा से प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट आने के साथ ठंड में वृद्धि हुई है। राजधानी पटना के अधिकतम तापमान में 24 घंटे के दौरान नौ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। 

पटना का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस एवं पूणिया व छपरा में 29.1 डिग्री सेल्सियस सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। गुरुवार को पटना सहित सभी जिलों में वर्षा की गतिविधियां बनी रही। राजधानी में 12.8 मिमी एवं जहानाबाद में 17.0 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई।

इन स्थानों पर हुई वर्षा (मिमी में)

स्थान वर्षा
समस्तीपुर 6.4
रोहतास 5.5
वैशाली 5.2
गया 5
सारण 4.2
जहानाबाद 4.2

 

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 24.2 23.2
गया 23.1 20.8
भागलपुर 28.3 23.7
मुजफ्फरपुर 23.0 24.6