Bihar Weather Update: बिहार में पछुआ हवाओं से बदला मौसम का मिजाज, दिन में धूप तो सुबह-रात में हल्की ठंड
बिहार में पछुआ हवाओं के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है, दिन में गर्मी और सुबह-रात में हल्की ठंड महसूस ...और पढ़ें

बिहार का मौसम(एआई जेनरेटेज तस्वीर)
जागरण संवाददाता, पटना। प्रदेश में पछुआ के कारण मौसम शुष्क और सामान्य बना हुआ है। कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही और धूप के कारण दिन में हल्की गर्मी का प्रभाव बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह और रात्रि में हल्की ठंड के साथ दिन में धूप के कारण गर्मी और उमस बनी रहेगी।
पटना का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के अनुसार चार दिनों के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट आने से ठंड में थोड़ी वृद्धि की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने और चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा।
बुधवार को पटना सहित आसपास का मौसम सामान्य और शुष्क बना रहा। पटना का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को पटना सहित ज्यादातर भागों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
20 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि
पटना का न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस एवं 17.5 डिग्री सेल्सियस के साथ गया में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, पटना सहित 20 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस एवं 35.0 डिग्री सेल्सियस के साथ पूर्वी चंपारण मोतिहारी का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 32.8 | 22.6 |
| गया | 31.0 | 19.0 |
| भागलपुर | 32.6 | 20.3 |
| मुजफ्फरपुर | 30.4 | 21.2 |
