विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Weather Update: 'डीप डिप्रेशन' बदल देगा बिहार का मौसम, कई जिलों में भारी वर्षा और बिजली गिरने का अलर्ट

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:25 AM (IST)

Bihar Weather News: बंगाल की खाड़ी में बन रहे डिप्रेशन के कारण बिहार में उमस से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है, बुधवार से वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी।

बारिश का अलर्ट। फोटो जागरण

बारिश का अलर्ट। फोटो जागरण

HighLights

  1. बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन से बिहार में वर्षा बढ़ेगी।

  2. पटना समेत 23 जिलों में वज्रपात, मेघ गर्जन की आशंका।

  3. पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सिवान में भारी वर्षा की चेतावनी।

जागरण संवाददाता, पटना। उमस और तेज धूप से परेशान बिहारवासियों को जल्द राहत मिलने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहा डिप्रेशन या अवदाब अगले 24 घंटे में गहरे अवदाब में बदल सकता है। इसे 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की सुबह के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने की संभावना है। इसके प्रभाव से बुधवार से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के Bihar Weather Forecast के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के सभी हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ छिटपुट वर्षा और मेघ गर्जन हो सकता है। पटना सहित 23 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात की आशंका है।

पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सिवान में भारी वर्षा की चेतावनी है। 23-27 सितंबर के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में वर्षा का असर व्यापक होगा।

25 सितंबर को पूर्वी चंपारण, अररिया, किशनगंज, सुपौल, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सिवान समेत 14 जिलों में बहुत भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटे में गया के टनकुप्पा में सर्वाधिक 52.2 मिमी वर्षा हुई। मंगलवार को पटना में बादल छाए रहे, लेकिन तेज धूप ने उमस बढ़ाई। शाम को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई।

मधुबनी को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस एवं 38.1 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।

इन स्थानों पर दर्ज हुई वर्षा

गया के टेकारी में 42.4 मिमी, नवादा के अकबरपुर में 38.0 मिमी, गया के बेलागंज में 19.4 मिमी, कोच में 18.2 मिमी, फतेहपुर में 14.8 मिमी, नवादा के गोविंदपुर में 14.4 मिमी, जहानाबाद के मखदुमपुर में 14.4 मिमी, अरवल के किंजर में 12.4 मिमी, गया में 11.4 मिमी।

अरवल के कुर्था में 10.4 मिम, नवादा के कौआकोल में 8.4 मिमी, गया के परैया में 8.0 मिमी, गया के मानपुर में 7.0 मिमी, बांका के कटोरिया में 4.4 मिमी, अरवल के करपी में 3.6 मिमी, बोधगया में 3.5 मिमी, जहानाबाद के रतनी फरीदपुर में 2.8 मिमी।

सारण के मांझी में 2.3 मिमी, औरंगाबाद के कुटुंबा में 2.2 मिमी, नवादा के हिसुआ में 2.2 मिमी, औरंगाबाद के मदनपुर में 2.2 मिमी एवं जहानाबाद में 2.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई ।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 35.9 28.0
गया 33.6 24.6
भागलपुर 35.1 27.3
मुजफ्फरपुर 31.4 27.7

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)