विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Weather Update: बिहार के तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 2-3 दिनों बाद 3 डिग्री तक बढ़ेगा राज्य का तापमान

Published: Fri, 18 Sep 2026 07:33 AM (IST)

मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 17 से 23 सितंबर तक के लिए बिहार का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें 19 सितंबर के आसपास मॉनसून की विदाई का संकेत है।

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेज तस्वीर)

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेज तस्वीर)

HighLights

  1. 17 से 23 सितंबर तक बिहार का मौसम पूर्वानुमान जारी।

  2. जमुई, नवादा और सीवान में भारी बारिश की आशंका।

  3. अगले कुछ दिनों में तापमान 2-3 डिग्री बढ़ेगा।

डिजिटल डेस्क, पटना। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 17 से 23 सितंबर के लिए बिहार का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। जारी अपडेट के अनुसार 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई के अनुकूल माहौल बन रहा है। फिलहाल मॉनसून ट्रफ बिहार के डेहरी से गुजर रही है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर असम में चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है।

बारिश और हवा का अलर्ट 

18 सितंबर को जमुई और नवादा जिलों में भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने, बिजली चमकने और मेघ गर्जन का अनुमान है। 19 सितंबर को सीवान जिले में भारी बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण-पश्चिम बिहार में तेज हवाओं और बिजली गिरने के आसार हैं।

20 से 22 सितंबर तक मौसम सामान्य रहेगा और किसी भी तरह की चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि 23 सितंबर से उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व इलाकों में फिर से तेज हवाएं, मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

तापमान में बदलाव 

अगले 2-3 दिनों तक दिन का अधिकतम तापमान स्थिर रहेगा, जिसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, अगले 48 घंटों तक रात का न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच ही दर्ज होगा।

खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। बिजली चमकने और मेघ गर्जन के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे जाने से बचें तथा पक्के मकानों में शरण लें।