विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Weather Update: चक्रवात 'अर्नब' बदलेगा बिहार का मौसम, 1 नवंबर तक भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:26 AM (IST)

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से बिहार के मौसम में बदलाव आने वाला है। 1 ...और पढ़ें

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

जागरण संवाददाता, पटना। बंगाल की खाड़ी के पश्विम मध्य हिस्से में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब आगे की ओर बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बीते छह घंटे में तूफान 22 किमी प्रतिघंट की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। तूफान का प्रभाव प्रदेश के मौसम के मिजाज को बदल सकता है। 

बुधवार से एक नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम प्रभावित होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से अति भारी वर्षा और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। 

कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 

कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना

अगले 24 घंटे के दौरान पटना सहित जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर एवं बांका में तेज हवा के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। वहीं, 29-30 अक्टूबर तक सभी जिलों में आंधी-पानी काे लेकर चेतावनी जारी की गई है। एक नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के आसार है। 

मंगलवार को पटना सहित 21 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस एवं 36.2 डिग्री सेल्सियस के सथ सुपौल में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। 

मंगलवार को भोजपुर जिले में 22 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा दर्ज की गई। पटना सहित आसपास का मौसम बादलों की आवाजाही और धूप के कारण दिन में हल्की गर्मी एवं सुबह और रात्रि में गुलाबी ठंड का प्रभाव बना रहा।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 33.7 21.5
गया 30.2 17.6
भागलपुर 33.7 22.0
मुजफ्फरपुर 29.0 20.4