Weather Update: बिहार में विदाई से पहले फिर बरसेगा मानसून, 6 से 9 अक्टूबर तक IMD का अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बिहार के कई हिस्सों से समय से पहले विदाई ले ली है, जिससे वर्षा का दौर कमजोर ...और पढ़ें

बारिश का अलर्ट। फाइल फोटो
HighLights
बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की समय से पहले विदाई शुरू।
6 से 9 अक्टूबर के बीच प्रदेश में छिटपुट वर्षा की संभावना।
मौसम शुष्क रहेगा, सुबह-शाम हल्की ठंडक का अहसास।
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से विदाई ले ली है। इसके साथ ही बिहार में वर्षा का दौर कमजोर पड़ने लगा है और अब ज्यादातर भागों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, वातावरण में नमी बनी रहने के कारण बादलों की आवाजाही जारी रहेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, प्रदेश में समय से पूर्व मानसून की विदाई आरंभ हो गई। शनिवार को पटना सहित 20 जिलों से विदा हो गया है।
मौसम विभाग के Bihar Weather Forecast के अनुसार, शनिवार को यह उत्तर भारत के शेष भाग, पूरे गुजरात, मध्यप्रदेश और बिहार, झारखंड एवं छतीसगढ़ के इसकी विदाई की प्रक्रिया शुरू हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि अगले एक दो दिनों में राज्य भर से इसकी विदाई के आसार हैं।
प्रदेश में मानसून की विदाई की मानक तिथि 10-11 अक्टूबर है। यानी इस बार लगभग एक हफ्ते पहले बिहार से मानसून विदा हो रहा है।
अगले पांच दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। छह से नौ अक्टूबर के बीच राजधानी सहित प्रदेश के अलग-अलग भागों में छिटपुट वर्षा के आसार हैं।
पश्चिम चंपारण में सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में 6.4 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। पटना सहित शेष जिलों का मौसम शुष्क बना रहा।
मौसम सामान्य रहने के साथ सुबह-शाम हल्की ठंडक का अहसास बना रहेगा। शनिवार को पटना सहित 11 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस एवं 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ भभुआ का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर हवा का चक्रवाती परिसंचरण बने होने के कारण बादलों की आवाजाही के साथ मौसम शुष्क और सामान्य बना हुआ है।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 33.6 | 26.5 |
| गया | 32.8 | 23.8 |
| भागलपुर | 33.7 | 24.8 |
| मुजफ्फरपुर | 32.0 | 26.2 |
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
