दिन में बढ़ेगी गर्मी, सुबह-रात ठंड का एहसास; बिहार के लिए मौसम विभाग का नया अपडेट
Bihar Weather Update: बिहार में मौसम मिला-जुला रहेगा, दिन में गर्मी और सुबह-रात में हल्की ठंड का अहसास होगा।
-1791857423764_m.webp)
बिहार का मौसम। एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
16-17 अक्टूबर के बाद बिहार में बढ़ेगी ठंड और तापमान गिरेगा।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र, मौसम बदलेगा।
सुबह और देर रात पछुआ हवा से हल्की धुंध छाएगी।
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News बिहार में मौसम का मिजाज फिलहाल मिला-जुला बना रहेगा। ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही के बीच मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
हालांकि, तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण दिन और रात के मौसम में अंतर बना रहेगा। सुबह और देर रात के समय हल्की ठंड का अहसास होगा, जबकि दिन में धूप निकलने के कारण गर्मी बनी रह सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के प्रभाव से 16-17 अक्टूबर के बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट आने और ठंड में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट वर्षा भी हो सकती है।
मौसम में बदलाव के बीच फिलहाल दिन के तापमान में बहुत अधिक गिरावट के संकेत नहीं हैं। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अनेक भागों के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई। इससे दिन के समय गर्मी का प्रभाव बना हुआ है।
पटना का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भभुआ 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
ठंड में हो सकती है बढ़ोत्तरी
तापमान में इस उतार-चढ़ाव के बीच सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट होने पर ठंड का प्रभाव और बढ़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण प्रदेश के मौसम पर इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। इसके असर से 16-17 अक्टूबर के बाद तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड में हल्की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।
इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, राज्य के ज्यादातर भागों में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। ऐसे में वर्षा का प्रभाव सीमित क्षेत्रों तक रहने की संभावना है।
पछुआ हवा से सुबह में छाएगी हल्की धुंध
पछुआ हवा का प्रसार बढ़ने के साथ प्रदेश के ग्रामीण इलाकों और नदियों के आसपास सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। मौसम में नमी और तापमान के अंतर के कारण सुबह के वक्त दृश्यता प्रभावित होने की संभावना रहती है।
वहीं, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अभी उत्तर प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां सीमित रहीं। लखीसराय जिले के हलसी में 3.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा पटना सहित राज्य के शेष जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए फिलहाल दिन में गर्मी और सुबह-रात में हल्की ठंड का मिला-जुला असर बने रहने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 31.0 | 24.9 |
| गया | 30.6 | 22.8 |
| भागलपुर | 33.0 | 24.4 |
| मुजफ्फरपुर | 30.6 | 24.2 |
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
