Bihar Weather Update: मानसून के पहुंचते ही बिहार में हो रही झमाझम बारिश, आंधी-बारिश का अलर्ट
Bihar Weather Update दक्षिण-पश्चिम मानसून दो दिनों में ही पूरे बिहार में फैल गया है। पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश हो रही है। राज्य के अधिकांश भागों में सोमवार को अच्छी बारिश हुई।
पटना, जेएनएन। दक्षिण-पश्चिम मानसून दो दिनों में ही पूरे राज्य में फैल गया है। फिलहाल पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश हो रही है। राज्य के अधिकांश भागों में सोमवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी में सोमवार को 27.5 मिलीमीटर बारिश हुई। गया में 14.8, भागलपुर में 12.3 एवं पूर्णिया में 9.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मंगलवार को भी राजधानी में अच्छी बारिश होगी। मौसम विभाग ने कहीं-कहीं आधा-पानी की संभावना जताई है।
मंगलवार को भी झमाझम बारिश होगी
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा ने कहा कि मानसून की बारिश पूरे प्रदेश में प्रारंभ हो गई है। मंगलवार को भी राजधानी समेत पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। राजधानी में सोमवार तड़के ही बारिश शुरू हो गई थी। दिन में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। दोपहर एक बजे से लेकर ढाई बजे तक बारिश होती रही। बारिश के बाद गर्मी से परेशान लोगों को काफी राहत मिली।
अधिकतम 32.4 रिकार्ड दर्ज किया गया
सोमवार को राजधानी की हवा में 95 फीसद आर्द्रता रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 32.4 एवं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार की शाम तक मानसून बिहार से आगे बढ़ते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया।
अगले 24-48 घंटे आंधी- बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, रोहतास, भभुआ औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक वैसे तो बिहार में मॉनसून की एंट्री लेट होती है, लेकिन इस साल मानसून ने समय से पहले पहुंच गया है। इस बार अच्छी बारिश होने की संभावना है।
रविवार को मौसम का बदला हुआ था मिजाज
बता दें कि रविवार से ही राजधानी के मौसम में सुबह से ही बदलाव होता रहा। सुबह में धूप निकली लेकिन दोपहर में फुहारें पड़ीं। दोपहर बाद राजधानी का आकाश साफ हो गया। राजधानी का अधिकतम तापमान 35.4 एवं न्यूनतम 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में 80 फीसद आर्द्रता दर्ज की गई। लेकिन लेट नाइट फिर झमाझम बारिश होने लगी।