Bihar Weather: बिहार में फिलहाल तेज बारिश की उम्मीद नहीं, मानसून की स्थिति में हुआ बड़ा बदलाव
Bihar Weather Today पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात बना हुआ है। जो आंध्र एवं उड़ीसा तट के करीब है। उसे दो-तीन दिनों में पश्चिम-उत्तर दिशा में आगे बढऩे की उम्मीद है। पटना समेत प्रदेश में तीखी धूप एवं उमस से लोग काफी परेशान है।
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather: बिहार के लोगों को फिलहाल उमस भरी गर्मी का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में बेहद कमजोर हो गया है। दस सितंबर तक प्रदेश में मानसून की बारिश के आसार नहीं है। स्थानीय कारणों से प्रदेश के कुछ भागों में हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। मानसून की बारिश और सामान्य बारिश में बड़ा अंतर है। मानसून की बारिश का असर अधिक विस्तृत क्षेत्र में और अधिक देर तक दिखता है। वहीं वायुमंडल में स्थानीय बदलाव के कारण होने वाली बारिश का क्षेत्र सीमित होता है। मानसून की बारिश कई जिलों में एक साथ हो सकती है तो सामान्य बारिश का दायरा कुछ सौ वर्ग मीटर, किसी गांव या किसी मोहल्ले भर में सीमित हो सकता है। वर्तमान में मानसून की ट्रफ रेखा राजस्थान के बीकानेर से लेकर जयपुर, गुना, गोपालपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।
पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है चक्रवात
इसके अलावा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात बना हुआ है। जो आंध्र एवं उड़ीसा तट के करीब है। उसे दो-तीन दिनों में पश्चिम-उत्तर दिशा में आगे बढऩे की उम्मीद है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि राजधानी समेत प्रदेश में तीखी धूप एवं उमस से लोग काफी परेशान है। उमस से लोगों को न घर में, न ही बाहर राहत मिल रही है। इस तरह की स्थिति दस सितंबर तक बने रहने की उम्मीद है।
अक्टूबर तक सक्रिय रह सकता है मानसून
मानसून का असर देश में अक्टूबर तक रह सकता है। जून के पहले हफ्ते में सक्रिय होने के बाद से मानसून ने बिहार में लगातार अच्छी बारिश कराई है। सितंबर का महीना बारिश के लिहाज से कमजोर रहने की उम्मीद है। यह बहुत असामान्य भी नहीं है। आगे मानसून का रुख राज्य में बारिश की संभावनाओं को तय करेगा।