Bihar Weather: बिहार में बदला मौसम का मिजाज, अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र का दिख रहा असर
Bihar Weather Forecast अरब सागर में बने दबाव के क्षेत्र का बिहार तक पहुंचा असर आसमान में बादलों की आवाजाही ने बढ़ाई चिंता कोहरे के साथ ही ठंड का भी बढ़ा असर जानिए क्या कह रहे हैं पटना के मौसम विज्ञानी
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather: बिहार में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहा। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दिनों अरब सागर पर बने कम दबाव का क्षेत्र बिहार, झारखंड होते हुए उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रहा है। इसका असर प्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है। कम दबाव के क्षेत्र का विस्तार होने से बादलों का क्रम बिहार के ऊपर बना है। इसके प्रभाव से पटना, गया, सहित बिहार के कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बने रहने के साथ रात के तापमान में आंशिक गिरावट का पूर्वानुमान है।
सुबह के समय दिखेगा हल्का कोहरा
पटना के मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक दिन का औसत तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा वहीं, दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में सुबह के समय में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा हालांकि धूप निकलने के बाद मौसम सामान्य होगा। पूर्व और उत्तर-पूर्व की ओर से आने वाली हवा बिहार के सभी हिस्सों में सामान्य रूप से पहुंच रहा है। हवा की रफ्तार के मुताबिक दिन और रात के पारे में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
कभी सर्द तो कभी गर्म हो रहा मौसम
मौसम विज्ञानी की मानें तो पटना में छह से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से रुक-रुक कर हवा चल रही है। ऐसे में दिन में निकलने वाली धूप की वजह से कभी मौसम सर्द तो कभी गर्म हो रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बने रहने के साथ गया का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पटना का न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरावट के साथ 14.0 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान एक डिग्री बढऩे के कारण 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसमी विभाग के अनुसार पटना व इसके आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को सुबह में कोहरा छाया रहेगा, हालांकि धूप निकलने के बाद मौसम सामान्य हो जाएगा।
बिहार के प्रमुख शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
- पटना - 29.2 - 14.0
- भागलपुर - 29.2 - 16.0
- गया - 28.0 - 12.0
- मुजफ्फरपुर - 27.0 - 17.0
- नालंदा - 29.0 - 14.0
- मोतिहारी - 30.0 - 16.0
- (अधिकतम, न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)