Bihar Weather Alert: सिवान में बूंदाबांदी शुरू, बिहार के कई जिलों में कल बारिश के आसार
Bihar Weather Update बिहार में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सिवान में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि गुरुवार को आंधी के साथ राज्य के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है।
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Update News: बिहार में मौसम का मिजाज अचानक बदलने लगा है। बुधवार की सुबह सिवान सहित कुछ जिलों में बादल छाने लगे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। इस बीच पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार और गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जाहिर की है। बारिश होने के बाद उमस बढ़ेगी। पटना (Patna Weather Update) समेत प्रदेश के अधिसंख्य इलाके में फिलहाल तापमान काफी बढ़ गया था। बादलों की आवाजाही
के बीच कुछ जिलों में तापमान थोड़ा कम हुआ है। पिछले तीन दिनों से तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है।
भागलपुर में 41 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया तापमान
मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी की हवा में आर्द्रता मात्र 30 फीसद रही। गया का अधिकतम 41.1 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, भागलपुर में अधिकतम 41.5 और न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बिहार के इन जिलों में कल बारिश के आसार
गुरुवार को पटना सहित गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, वैशाली, शिवहर एवं समस्तीपुर में आंधी के साथ बारिश होने की उम्मीद है।
- राजधानी का पारा 40 पार, कल हो सकती बारिश
- तीन दिनों से गर्म हवा से बढ़ी परेशानी, बुधवार तक बनी रहेगी यही स्थिति
- 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया राजधानी का अधिकतम तापमान
पछुआ हवा कर रही परेशान
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि राजधानी में पछुआ चलने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इस तरह की स्थिति बुधवार तक बने रहने की उम्मीद है। गुरुवार को आंधी के साथ राज्य के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। कल दोपहर बाद मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यह काल वैशाखी का दौर है। ऐसे में कभी भी आंधी के साथ मेघ गर्जना हो सकती है। देखते ही देखते बारिश भी हो सकती है।