यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र शुरू, नीतीश कुमार की सरकार को गुजरना होगा अग्निपथ से
Bihar Vidhansabha Monsoon Satra 2022 बिहार विधान मंडल का मानसून सत्र शुरू सदन में अग्निपथ को बहस का हथियार बनाएगा ...और पढ़ें

पटना, जागरण टीम। Bihar Vidhansabha Monsoon Session 2022: बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र आज यानी शुक्रवार से शुरू हो गया है। यह सत्र 30 जून तक चलेगा और इसमें केवल पांच बैठकें ही होंगी। इस संक्षिप्त सत्र में सेना भर्ती की योजना अग्निपथ, बेरोजगारी, राज्य में कानून व्यवस्था के मसले पर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। हालांकि कांग्रेस और राजद में बढ़ती दूरी के कारण विपक्ष इस बार बंटा हुआ दिखेगा। तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी राजद सरकार के खिलाफ आक्रामक तरीके से अपनी बात रखने की तैयारी कर चुकी है।
भाजपा और जदयू के अंतर्विरोध को भी मसला बना सकता है जदयू
सदन से बाहर भाजपा और जदयू के बीच अग्निपथ के मसले पर अंतर्विरोध दिखा है। जदयू इस मसले पर पुनर्विचार करने की मांग केंद्र सरकार से कर रहा है। दूसरी तरफ, भाजपा के नेताओं ने जदयू के रुख पर सवाल खड़े किए हैं। राजद विधानसभा और विधान परिषद में इसे मसला बनाएगा। राजद का कहना है कि जदयू को इस मसले पर सदन में अपना स्टैंड साफ करना चाहिए। केवल भाजपा को छोड़ दें तो कांग्रेस और माले समेत बिहार की सभी राजनीतिक दल इस योजना पर फिर से विचार करने की मांग कर चुके हैं।
हम विधायक दल की बैठक आज
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की विधायक दल की बैठक शुक्रवार को बुलाई गई है। बैठक पार्टी के संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के पटना स्थित सरकारी आवास पर शाम छह बजे आयोजित होगी। इसमें बिहार के वर्तमान राजनीतिक हालात पर विधायकों संग विचार-विमर्श होगा।
सदन में अग्निपथ का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस
कांग्रेस शुक्रवार से शुरू हो रहे बिहार विधानमंडल के सत्र में महंगाई, बेरोजगार, गिरती विधि व्यवस्था के साथ ही सेना में बहाली के लिए लाई गई अग्निपथ योजना को मुद्दा बनाएगी। कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता अजीत शर्मा ने गुरुवार को कहा कि बिहार में महंगाई चरम पर है। युवाओं के लिए रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं। 2020 के विधानसभा चुनाव में एनडीए सरकार ने 19 लाख रोजगार की घोषणा की थी, लेकिन दो वर्ष बाद भी रोजगार का मुद्दा जहां का तहां है।
बिहार में आए दिन दुष्कर्म, हत्या और लूट की घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन सरकार का इन विषयों से कोई मतलब नहीं। पूरे देश में आज अग्निपथ योजना का विरोध हो रहा है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर भी मौन है। कांग्रेस दोनों सदनों में इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी। बता दें कि कांग्रेस के अधिसंख्य विधायक, प्रदेश अध्यक्ष समेत विधानमंडल दल के नेता इन दिनों दिल्ली में हैं और राहुल गांधी के समर्थन में हो रहे प्रदर्शनों में भाग ले रहे हैं। शुक्रवार से शनिवार के बीच पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों के बिहार लौटने की चर्चा है।
