बिहार विधानसभा परिसर में EV चार्जिंग स्टेशन, गयाजी में बनेगा 7 मंजिला टर्मिनल; मोबाइल एप से बसों की लाइव लोकेशन
विधानसभा परिसर में अक्टूबर अंत तक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही बिहार के 31 स्थानों ...और पढ़ें

बैठक करते विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार।
HighLights
विधानसभा परिसर में अक्टूबर तक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन बनेगा।
बिहार के 31 स्थानों पर बस स्टैंडों का PPP मोड पर आधुनिकीकरण।
ग्रामीण महिलाओं को चारपहिया ईवी खरीद पर एक लाख रुपये अनुदान।
राज्य ब्यूरो, पटना। अक्टूबर अंत तक विधानसभा परिसर में भी इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के लिए चार्जिंग स्टेशन बना दिया जाएगा।
शुक्रवार को विधानसभा स्थित कक्ष में हुई बैठक में परिवहन सचिव राजकुमार ने विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. प्रेम कुमार को इसके लिए आश्वस्त किया।
इसके अलावा गयाजी सहित बिहार के 31 स्थानों पर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मोड के अंतर्गत बस स्टैंडों का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
31 स्थानों पर PPP मोड के अंतर्गत बस स्टैंडों का होगा कायाकल्प
केंद्र सरकार द्वारा गयाजी को नवंबर में 125 ईवी बसें मिलेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में चारपहिया ईवी की खरीद पर महिलाओं को एक लाख रुपये अनुदान का प्रविधान किया गया है।
गयाजी बस स्टैंड का कायाकल्प अंतर्राज्यीय मल्टी-फ्लोर बस स्टैंड के रूप में होगा। उसमें भूतल पर पार्किंग, पहले और दूसरे तल पर शापिंग कांप्लेक्स तथा तीसरे से सातवें तल तक होटल एवं मल्टीप्लेक्स सिनेमा हाल बनेगा।
दो वर्षों के भीतर परियोजना का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही निविदा जारी होगी। इसके अलावा, नगर निगम, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत के बस स्टैंडों का भी सुंदरीकरण किया जाएगा।
वहां यात्रियों के लिए पेयजल, शेड, शौचालय और संपर्क सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित होंगी। परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन आदि बैठक में उपस्थित रहे।
मोबाइल एप से मिलेगी बसों के परिवहन की समस्त जानकारी
यात्रियों की सुविधा, टिकटिंग और बसों की लाइव ट्रैकिंग के लिए शीघ्र ही ''ह्वेयर इज माई बस'' मोबाइल एप विकसित किया जाएगा।
इससे बसों के परिवहन से संंबंधित समस्त जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफार्म पर मिल सकेंगी। परिवहन विभाग इस एप को विकसित करा रहा है।
