क्रिकेट में बिहार की शर्मनाक हार, 6 खिलाड़ी शून्य पर पवेलियन लौटीं, 32 पर सिमट गई पूरी टीम
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित महिला अंडर-19 टी-20 मुकाबले में बिहार को उत्तर प्रदेश से शर्मनाक हार का सामना ...और पढ़ें

महिला अंडर 19 क्रिकेट में बिहार टीम की हार। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बिहार महिला अंडर-19 टीम को उत्तर प्रदेश से मिली करारी हार।
बिहार की पूरी टीम मात्र 32 रन पर हुई ऑल आउट।
छह बल्लेबाज शून्य पर आउट, अक्षरा ने बनाए सर्वाधिक 6 रन।
जागरण संवाददाता, पटना। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित महिला अंडर-19 (टी-20) के एलीट ग्रुप मुकाबले में शुक्रवार को बिहार को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।
प्रदेश की एक भी खिलाड़ी दहाई अंक तक नहीं पहुंच सकी। छह बल्लेबाज शून्य पर पवेलियन लौट गए। उत्तर प्रदेश ने मुंबई की एमसीए शरद पवार क्रिकेट अकादमी बीकेसी में खेले गए मैच में बिहार को आठ विकेट से पराजित किया।
बिहार की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 32 रन पर सिमट गई। जवाब में उत्तर प्रदेश ने 5.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
6 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहीं अक्षरा
मुकाबले में बिहार की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश की गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
बिहार की ओर से अक्षरा ने छह रन, संतोषी ने सात रन और प्रतिभा ने पांच रन बनाया। उस प्रकार बिहार का कुल स्कोर सभी विकेट गंवाकर 15.3 ओवर में 32 रन रहा।
बिहार की पारी के दौरान उत्तर प्रदेश की गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा, जिसके चलते बिहार की टीम बड़ा लक्ष्य देने में सफल नहीं हो सकी।
यूपी की भारती ने झटके चार विकेट
उत्तर प्रदेश की ओर से भारती सिंह ने चार ओवर में दो मेडन रखते हुए तीन रन देकर चार विकेट हासिल किए। ज्योति बलियान, विदुषी मिश्रा, जानवी बलियान और सिद्धि मिश्रा ने भी एक-एक विकेट लेकर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश टीम ने 5.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। रिया भाटी ने 22 रन बनाए।
शुभ चौधरी नौ रन पर अविजित रहीं। बिहार की एक से एकमात्र सफलता जूली कुमारी को मिली। एक विकेट रन आउट के रूप में गिरा।
