विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिससे बचना था, उसी पुलिस अफसर से मांग बैठा टिकट; ट्रेन में चोरी के बाद पटना की हैरान करने वाली घटना

Published: Tue, 15 Sep 2026 08:33 AM (IST)

मोकामा में एक शातिर चोर ने ट्रेन में यात्री का बैग चुराने के बाद पुलिस से बचने के लिए टीटीई ...और पढ़ें

पुल‍िस की ग‍िरफ्त में शात‍िर चोर (मुंह ढंके)।

पुल‍िस की ग‍िरफ्त में शात‍िर चोर (मुंह ढंके)।

HighLights

  1. ट्रेन में यात्री का बैग चुराकर टीटीई बना चोर।

  2. सादे लिबास में आरपीएफ इंस्पेक्टर से मांगा टिकट।

  3. हाथीदह जंक्शन पर पुलिस ने शातिर बदमाश को दबोचा।

संवाद सूत्र, मोकामा। ट्रेन में यात्री का बैग उड़ाने के बाद शातिर बदमाश ने पुलिस को चकमा देने के लिए टीटीई का वेश बना ल‍िया। लेक‍िन उसकी करतूत उजागर हो गई और वह पकड़ा गया। 

हद तो तब हो गई, जब उसने सादे लिबास में ट्रेन की सुरक्षा में तैनात आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार से ही टिकट दिखाने को कह दिया।

उसकी इस हरकत ने पुलिस का शक पुख्ता कर दिया। अधिकारियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। हाथीदह जंक्शन के पास ट्रेन की रफ्तार कम होते ही बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर भागने लगा। 

हाथीदह जंक्‍शन के पास पुल‍िस ने दबोचा 

लेकिन पहले से सतर्क रेल पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपित की पहचान लखीसराय जिले के बड़हिया निवासी अमित कुमार उर्फ मनीष के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान उसके पास से 73 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, दो आरक्षित टिकट, काले रंग का बैग, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, बरामद सामान ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री का है। अटैची छिनने का भी आरोप है। हाथीदह रेल थानाध्यक्ष मुनेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपित की गतिविधियों को देखते हुए हाथीदह और मोकामा स्टेशन पर रेल पुलिस के जवानों को सतर्क कर दिया गया था।

मोकामा आरपीएफ इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार यादव ने बताया कि सादे लिबास में जवानों की तैनाती कर यात्रियों और वेंडरों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

पर्व-त्योहार के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आरोपित का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

किऊल से ट्रेन में सवार हुई थी आरपीएफ की टीम

ट्रेनों में चोरी और लूट की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रविवार रात आरपीएफ अधिकारियों और जवानों की टीम 13121 अप साप्ताहिक ट्रेन में किऊल स्टेशन से सवार हुई थी।

ट्रेन कोलकाता से गाजीपुर सिटी जा रही थी। टीम में किऊल आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, मोकामा आरपीएफ इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार यादव समेत अन्य अधिकारी और जवान शामिल थे।

किऊल से ट्रेन खुलते ही अमित कुमार ने स्लीपर कोच में सफर कर रहे फुलवारी निवासी व्यवसायी राजीव कुमार का बैग चोरी कर लिया।

इसके बाद चोरी की भनक यात्रियों को नहीं लगे, इसके लिए उसने खुद को टीटीई बताकर यात्रियों के टिकट जांचने शुरू कर दिए।