विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के रेल यात्री ध्यान दें: 4 अक्टूबर तक 383 ट्रेनें डायवर्ट, पटना-मोकामा समेत कई स्टेशनों पर ठहराव रद

Published: Fri, 18 Sep 2026 09:05 AM (IST)

राजेंद्र पुल समेत कई रेलखंडों पर कार्य के कारण 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक पूर्व मध्य रेलवे की 383 ...और पढ़ें

4 अक्टूबर तक 383 ट्रेनें डायवर्ट

4 अक्टूबर तक 383 ट्रेनें डायवर्ट

HighLights

  1. 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक 383 ट्रेनें डायवर्ट होंगी।

  2. पटना, मोकामा सहित कई स्टेशनों पर ठहराव रद्द रहेगा।

  3. यात्रा से पहले ट्रेन का रूट और ठहराव अवश्य जांच लें।

जागरण संवाददाता, पटना। अगर आप 19 सितंबर से चार अक्टूबर के बीच ट्रेन से सफर करने वाले हैं तो यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का रूट और ठहराव जरूर जांच लें। राजेंद्र पुल समेत कई रेलखंडों पर होने वाले प्री-एनआई और एनआई कार्य ने ट्रेनों का पूरा परिचालन प्लान बदल दिया है। 

पूर्व मध्य रेलवे ने इस अवधि में 383 ट्रेनों को डायवर्ट करने का निर्णय लिया है। कई ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग के बजाय वैकल्पिक रूट से चलेंगी, जबकि पटना जंक्शन, मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर और बरौनी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर कई ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से रद रहेगा।

इसका सीधा असर पटना और मोकामा के रास्ते यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। खासकर उन यात्रियों को परेशानी होगी, जिन्होंने ट्रेन के निर्धारित ठहराव को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाई है। ट्रेन चलेगी, लेकिन आपके स्टेशन पर नहीं रुकेगी। ऐसे में टिकट होने के बावजूद यात्रियों को वैकल्पिक स्टेशन से ट्रेन पकड़ने या उतरने की योजना बनानी पड़ सकती है।

राजेंद्र पुल के साथ कई रेलखंडों पर काम, बदलेगा ट्रेनों का रास्ता

दानापुर मंडल के राजेंद्र पुल, हाथीदह जंक्शन अपर, टाल और रामपुर डुमरा तथा सोनपुर मंडल के दिनकर ग्राम सिमरिया रेलखंड पर प्री-एनआइ और एनआइ कार्य किया जाना है। कार्य के दौरान रेल परिचालन को सुरक्षित रखने के लिए बड़ी संख्या में ट्रेनों को दूसरे मार्ग से चलाया जाएगा।

रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रभावित अवधि में कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव के साथ उनके निर्धारित ठहराव भी हटाए गए हैं। इससे पटना, मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर, किऊल, आरा और बरौनी समेत कई स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले विशेष सतर्कता बरतनी होगी।

इन प्रमुख ट्रेनों का बदलेगा रूट

15667 गांधीधाम-कामाख्या एक्सप्रेस : 19 सितंबर को यह ट्रेन दानापुर-पाटलिपुत्र-हाजीपुर-शाहपुर पटोरी-बरौनी के रास्ते चलेगी। पटना जंक्शन पर इसका ठहराव नहीं होगा।

13006 अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस : 20 से 30 सितंबर तक यह ट्रेन बख्तियारपुर-बिहारशरीफ-शेखपुरा-किऊल के रास्ते चलेगी। मोकामा में ठहराव रद रहेगा।

12303 हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस : 21 सितंबर से किऊल-शेखपुरा-बिहारशरीफ-बख्तियारपुर होकर चलेगी। मोकामा और बाढ़ में ठहराव नहीं होगा।

15657/15658 दिल्ली-कामाख्या एक्सप्रेस : पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया-किऊल के रास्ते परिचालन होगा। इस कारण दिलदारनगर, बक्सर, आरा, पटना, पटना साहिब और मोकामा के ठहराव प्रभावित रहेंगे।

12435 जयनगर-आनंद विहार गरीब रथ : समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र-दानापुर होकर चलेगी। बरौनी, मोकामा, बख्तियारपुर और पटना जंक्शन पर ठहराव रद रहेगा।

ट्रेन में चढ़ने से पहले जांचें रूट

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि इस अवधि में स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें। सिर्फ टिकट और निर्धारित समय देखना पर्याप्त नहीं होगा, क्योंकि ट्रेन का मार्ग और ठहराव दोनों बदल सकते हैं। यात्री 139 हेल्पलाइन और रेलवे की राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली/आधिकारिक डिजिटल माध्यम से ट्रेन का अपडेटेड रूट और ठहराव देख सकते हैं।

19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलने वाले इस बड़े ब्लॉक के दौरान यात्रियों को अपने बोर्डिंग और डिबोर्डिंग स्टेशन की जानकारी पहले से पक्की कर लेनी होगी।

यह भी पढ़ें- बिहार के हर थाने में बनेगा Child Help Desks, गांधी जयंती से होगी नई व्यवस्था; बच्चों की शिकायतों पर कार्रवाई