2 लाख का पुरस्कार और लैपटॉप के लिए 51 हजार मिलते ही रो पड़े टॉपर, बोले- CM के हाथों सम्मान का कभी नहीं देखा था सपना
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मैट्रिक और इंटर के 168 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने घोषणा की कि ...और पढ़ें

टॉपर्स को दो लाख, लैपटॉप के लिए 51 हजार
HighLights
मुख्यमंत्री ने 168 मैट्रिक-इंटर टॉपर्स को किया सम्मानित।
अगले वर्ष से एक महीने में होगा सम्मान समारोह।
टॉपर्स को 2 लाख, लैपटॉप के लिए 51 हजार मिले।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में मैट्रिक और इंटर के मेधावी विद्यार्थियों को अब सम्मान के लिए महीनों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को नेक संवाद में आयोजित सम्मान समारोह में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले वर्ष से परीक्षा परिणाम घोषित होने के एक महीने के भीतर ही टॉपर्स सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस बार समारोह में मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 168 विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
168 मेधावियों के चेहरों पर दिखी खुशी
नेक संवाद में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से मुलाकात की, उनके साथ लंच किया और बातचीत भी की। राज्यभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ अन्य मेधावी छात्रों को भी सम्मान मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आए सभी 168 विद्यार्थी उनके लिए टॉपर हैं और उनकी उपलब्धि पर पूरा बिहार गर्व करता है।
टॉपर्स को दो लाख, लैपटॉप के लिए 51 हजार
इंटरमीडिएट और मैट्रिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को दो लाख, द्वितीय को डेढ़ लाख और तृतीय स्थान हासिल करने वालों को एक लाख रुपये दिए गए।
इंटर में चौथे और पांचवें स्थान वाले विद्यार्थियों को 30-30 हजार रुपये तथा मैट्रिक में चौथे से दसवें स्थान तक आने वालों को 20-20 हजार रुपये मिले।
इसके अलावा सभी पुरस्कृत विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए अतिरिक्त 51 हजार रुपये की राशि भी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री बोले- आपकी मेहनत बिहार की पहचान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि परिश्रम, प्रतिभा और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 168 छात्र यहां आए हैं और सभी उनके लिए टॉपर हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम के तुरंत बाद सम्मान मिलना चाहिए, इसलिए अगले वर्ष से समारोह एक महीने के भीतर आयोजित किया जाएगा।
सम्मान समारोह उपलब्धि नहीं, बड़ी शुरुआत : शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता बिहार के करोड़ों बच्चों के लिए प्रेरणा बने।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल उपलब्धि का उत्सव नहीं, बल्कि एक बड़ी शुरुआत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष 168 नहीं, बल्कि 1068 मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में शामिल हों।
शिक्षा विभाग में 30 दिन में आवेदनों के निपटारे पर जोर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जब उन्होंने विभाग का पदभार संभाला था, तब विभिन्न प्रकार के आवेदनों का अंबार था। अब आवेदनों की संख्या तेजी से घट रही है। विभाग को प्राप्त आवेदनों का निपटारा 30 दिनों के भीतर करने की दिशा में प्रभावी ढंग से काम किया जा रहा है।
टॉपर्स बोले- सम्मान ने बढ़ाया हौसला
सम्मानित विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कार मिलने को गौरव का क्षण बताया। विज्ञान संकाय में राज्यभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आदित्य अमन प्रकाश ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि टॉप करने पर मुख्यमंत्री उन्हें सम्मानित करेंगे।
वहीं अन्य विद्यार्थियों ने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
