बिहार में सजेगा हॉकी का अंतरराष्ट्रीय मंच, राजगीर और पटना में भिडेंगी कई देशों की टीमें
बिहार को फरवरी 2027 में एफआईएच हॉकी प्रो लीग की मेजबानी मिली है, जिसमें भारत, जर्मनी और अर्जेंटीना की टीमें पटना और राजगीर में भिड़ेंगी।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बिहार को फरवरी 2027 में हॉकी प्रो लीग की मेजबानी।
पटना और राजगीर में होंगे भारत, जर्मनी, अर्जेंटीना के मैच।
राजेंद्र नगर स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैचों का आगाज।
जागरण संवाददाता, पटना। भारत में राष्ट्रीय खेल की एक और बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसकी मेजबानी की जिम्मेदारी हॉकी इंडिया ने बिहार को दी है। एशियन पुरुष और महिला हॉकी चैंपियनशिप की सफलता के बाद प्रदेश में एफआइएच (फेडरेशन इंटरनेशनेल डी हॉकी ) हॉकी प्रो लीग होगी।
बड़ी बात यह है कि इस बार राजगीर के साथ राजधानी में भी राष्ट्रीय खेल का रोमांच देखने को मिलेगा। राजेंद्र नगर स्थित बीपी सिन्हा फिजिकल कालेज परिसर का हॉकी एस्ट्रोटर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर की मेजबानी का गवाह बनेगा। मैदान पर फरवरी 2027 में हॉकी प्रो लीग (पुरुष) के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में भारत, जर्मनी और अर्जेंटीना की टीमें में भिड़ेंगी।
हॉकी प्रो लीग के मैच 13 से 18 फरवरी के बीच खेले जाएंगे। भारत और जर्मनी के बीच मुकाबले के साथ प्रतियोगिता का उद्घाटन होगा। राजगीर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान पर भी मैच होंगे।
मेजबान देश का मैच राजधानी में भी खेला जाएगा। करीब 8.44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में वर्ल्ड क्लास सुविधाएं विकसित की जानी हैं।
मैदान पर नीदरलैंड मंगाया नीला एस्ट्रोटर्फ बिछाया जा चुका है। दो करोड़ रुपये के एस्ट्रोटर्फ की पांच वर्ष की गारंटी है। मैदान पर चार फ्लड लाइटें लगाई जा चुकी हैं। स्प्रिंकलर (पानी का फव्वारा) और पाइप लाइन बिछाने कार्य पूर्ण हो चुका है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने कहा कि एशियन पुरुष और फिर महिला हॉकी प्रतियोगिता के दौरान हमारी उम्मीद से कहीं ज्यादा खेल प्रेमी मैच देखने के लिए राजगीर पहुंचे थे।
इस दौरान ये विचार आया कि राष्ट्रीय खेल का आयोजन राजधानी में भी होना चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए राजेंद्र नगर स्थित हॉकी एस्ट्रोटर्फ तैयार किया गया है।
योजना है कि हॉकी प्रो लीग जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन से पटना के मैदान का उद्घाटन हो। अभी छह महीने का समय बचा है। मैदान तैयार हो जाता है, तो हॉकी प्रो लीग के मैच पटना में भी कराए जाएंगे।
विभिन्न देशों में हो रहे नए चलन को देखते हुए खेल प्रेमियों के लिए मैदान पर अस्थायी स्टैंड (सीढ़ियां) लगाए जाएंगे। इसपर करीब चार हजार से अधिक लोग बैठकर प्रतियोगिता के गवाह बन सकेंगे।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजनों का गवाह है राजगीर
बिहार के पास राजगीर खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी मैदान है। यहां दो एस्ट्रोटर्फ हैं। इनमें से एक का उपयोग अभ्यास के लिए और दूसरा मुकाबलों के लिए किया जाता है। राजगीर के हॉकी स्टेडियम में करीब चार हजार दर्शक एक साथ मैच देख सकते हैं। यहां एशियन महिला और पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ था।
दोनों की प्रतियोगिताओं में भारत ने जीत हासिल की थी। 20 नवंबर 2024 को खेले गए एशियन महिला हॉकी मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से पराजित कर खिताब जीता था। सात सितंबर 2025 को खेले गए एशियन पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर ट्राफी अपने नाम की थी।
